Bihar Vidhansabha Session : 18वीं बिहार विधानसभा को मिला उपाध्यक्ष, दूसरी बार निर्विरोध चुने गए नरेंद्र नारायण यादव, धन्यवाद प्रस्ताव दे रहे हैं सीएम नीतीश
Bihar Vidhansabha Session : 18वीं बिहार विधानसभा को अब अपना उपाध्यक्ष भी मिल गया है। नरेंद्र नारायण यादव को निर्विरोध उपाध्यक्ष चुना गया है। 18वीं बिहार विधानसभा के स्पीकर प्रेम कुमार और डिप्टी स्पीकर नरेंद्र नारायण यादव हैं।
Bihar Vidhansabha Session : 18वीं बिहार विधानसभा के पहले सत्र का आज चौथा दिन है। सदन की कार्यवाही 11 बजे से शुरु हो गई है। सदन की कार्यवाही शुरू होते ही उपाध्यक्ष का चुनाव कराया गया। नरेंद्र नारायण यादव दूसरी बार विधानसभा के उपाध्यक्ष चुने गए हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की मौजूदगी में उपाध्यक्ष का निर्विरोध निर्वाचन हुआ। उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी उनके प्रस्तावक और जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी अनुमोदनकर्ता थे। इस पद के लिए एक ही नामांकन हुआ था।
नरेंद्र नारायण बने उपाध्यक्ष
बता दें कि, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा प्रस्तावित और मंत्री विजय कुमार चौधरी द्वारा अनुमोदित नामांकन के बाद नरेंद्र नारायण यादव को बुधवार को बिहार विधानसभा का उपाध्यक्ष निर्विरोध चुना गया। पद के लिए केवल एक ही नामांकन होने के कारण उनका चयन सर्वसम्मति से हुआ। इससे पहले उन्हें मौजूदा विधानसभा के नव-निर्वाचित सदस्यों को शपथ दिलाने के लिए प्रोटेम स्पीकर बनाया गया था। 17वीं विधानसभा में भी वे उपाध्यक्ष चुने गए थे।
आठ बार के विधायक, नीतीश सरकार में रह चुके हैं मंत्री
मधेपुरा के आलमगंज विधानसभा क्षेत्र से विधायक नरेंद्र नारायण यादव पहली बार 1995 में सदन पहुंचे थे। 2025 में उन्होंने इस सीट से अपनी लगातार आठवीं जीत दर्ज की। वे नीतीश कुमार की कैबिनेट में मंत्री भी रह चुके हैं और जदयू के अनुभवी तथा प्रभावशाली विधायकों में उनकी गिनती होती है।
नीतीश कुमार बने सदन के नेता
बुधवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को औपचारिक रूप से बिहार विधानसभा में सदन का नेता घोषित किया गया। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने इसकी आधिकारिक घोषणा की। इससे पहले नीतीश कुमार को जदयू विधायक दल और एनडीए विधायक दल का नेता चुना गया था, जिसके आधार पर राज्यपाल ने उन्हें सरकार गठन का आमंत्रण दिया था।