Bihar News : नवादा का इंतजार खत्म, सांसद विवेक ठाकुर के प्रयास से केंद्रीय विद्यालय की जमीन रजिस्ट्री पूरी, कृषि फार्म के पास बनेगा स्कूल
Bihar News : नवादा में स्थानीय सांसद विवेक ठाकुर के निरंतर और कड़े प्रयासों से जिले में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना की दिशा में एक बड़ी और महत्वपूर्ण सफलता हासिल हुई है....पढ़िए आगे
NAWADA : नवादा जिले के लोगों का लंबा इंतजार अब जल्द ही समाप्त होने वाला है। स्थानीय सांसद विवेक ठाकुर के निरंतर प्रयासों से केंद्रीय विद्यालय की स्थापना की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता हासिल हुई है। चिन्हित भूमि का हस्तांतरण केंद्रीय विद्यालय संगठन को कर दिया गया है और रजिस्ट्री की प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है। सांसद विवेक ठाकुर ने इस उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि यह नवादा के विद्यार्थियों और अभिभावकों के लिए अत्यंत सुखद एवं ऐतिहासिक क्षण है।
उन्होंने बताया कि भूमि रजिस्ट्री के साथ ही केंद्रीय विद्यालय स्थापना का मार्ग काफी हद तक प्रशस्त हो गया है। शेष औपचारिकताएं भी शीघ्र पूरी कर ली जाएंगी, जिसके बाद नवादा के छात्र-छात्राओं को राष्ट्रीय स्तर की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। केंद्रीय विद्यालय में CBSE पाठ्यक्रम, बेहतर शिक्षक, आधुनिक सुविधाएं और समग्र विकास पर ध्यान दिया जाएगा, जो जिले की शैक्षणिक स्थिति को नई ऊंचाई प्रदान करेगा।
सांसद विवेक ठाकुर ने इस पूरी प्रक्रिया में सहयोग प्रदान करने के लिए केंद्र सरकार, बिहार सरकार तथा नवादा जिला प्रशासन का विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि नवादा के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में उनके प्रयास लगातार जारी रहेंगे। यह उपलब्धि जिले के युवाओं और अभिभावकों में नई उम्मीद जगा रही है।
स्थानीय स्तर पर लोग सांसद के प्रयासों की सराहना कर रहे हैं। केंद्रीय विद्यालय की स्थापना से न केवल नवादा शहर बल्कि आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के छात्रों को भी उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा मिल सकेगी। इससे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और बेहतर होगी तथा जिले की साक्षरता दर में भी सुधार आएगा। नवादा के शिक्षा प्रेमी नागरिक अब इस परियोजना के शीघ्र क्रियान्वयन की प्रतीक्षा कर रहे हैं। सांसद विवेक ठाकुर के नेतृत्व में जिले का तेजी से विकास जारी है, जो भविष्य में और नई उपलब्धियों की ओर इशारा कर रहा है। कृषि फार्म के बगल में विद्यालय का निर्माण होगा।
अमन की रिपोर्ट