विपक्ष और पप्पू यादव की सोच महिला विरोधी, महिला शक्ति इसका लोकतांत्रिक तरीके से देगी जवाब : उषा विद्यार्थी
Nawada : बीजेपी की पूर्व विधायक उषा विद्यार्थी ने 'नारी शक्ति वंदन संशोधन अधिनियम' पारित नहीं होने के लिए विपक्ष पर करारा हमला बोली है। वहीं उन्होंने पूर्णिया सांसद पप्पू यादव द्वारा बीते दिनों महिलाओं के राजनीति में बड़े पदों पर होने को लेकर दिए गए बयाना की तीखी आलोचना की है।
आज नवादा परिसदन में भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष माधुरी वर्णनवाल की अध्यक्षता में एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। इस दौरान भाजपा की पूर्व विधायक डॉ. उषा विद्यार्थी ने मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित किया। उन्होंने महिला आरक्षण विधेयक और पूर्णिया सांसद पप्पू यादव के महिलाओं से संबंधित बयान को लेकर कांग्रेस तथा विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोलीं।
डॉ. विद्यार्थी ने महिला आरक्षण के मुद्दे पर विपक्ष के आचरण की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि संसद में विपक्ष का व्यवहार देश की महिलाओं के हृदय में शूल की तरह चुभा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों की नारी विरोधी सोच के कारण 'नारी शक्ति वंदन संशोधन अधिनियम' पारित होने में बाधा आई।
उन्होंने आगे कहा कि महिला आरक्षण के विरोध में मतदान के बाद विपक्षी नेताओं द्वारा तालियां बजाना, मेजें थपथपाना और हंसी उड़ाना महिलाओं का अपमान है। डॉ. विद्यार्थी ने विपक्ष पर नकारात्मक सोच रखने और समाज को बांटने के साथ-साथ उत्तर-दक्षिण के बीच विभाजन पैदा करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने चेतावनी दी कि उचित समय आने पर महिला शक्ति इसका लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देगी।
पूर्णिया सांसद पप्पू यादव के महिलाओं के संबंध में दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए डॉ. उषा विद्यार्थी ने कहा कि इस प्रकार की टिप्पणियां न केवल महिलाओं का अपमान हैं, बल्कि समाज में भी गलत संदेश देती हैं। उन्होंने सार्वजनिक जीवन में रहने वाले नेताओं को अपने शब्दों की मर्यादा का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी।
डॉ. विद्यार्थी ने यह भी कहा कि पप्पू यादव की पत्नी भी सांसद हैं, ऐसे में उन्हें इस मुद्दे पर अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि आज महिलाएं अपने दम पर हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और अपनी अलग पहचान बना रही हैं। ऐसे बयान उनके संघर्ष और उपलब्धियों को कमतर आंकने का प्रयास हैं, जो पूरी तरह अस्वीकार्य हैं।उन्होंने जोर देते हुए कहा कि समाज में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और उनका सम्मान करना हर व्यक्ति की जिम्मेदारी है।
इस मौके परनंद किशोर चौरसिया, मीडिया प्रभारी गुलशन कुमार, वीणा वर्णनवाल शिवरानी केशरी उपस्थित थीं।
अमन सिन्हा की रिपोर्ट