बकरीद को लेकर अनुमंडल स्तरीय शांति समिति की बैठक, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
Nawada : ईद-उल-जोहा (बकरीद) पर्व के मद्देनजर नवादा के अनुमंडल कार्यालय में सोमवार को अनुमंडल स्तरीय शांति समिति की एक अत्यंत महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। सदर अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) अमित अनुराग और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) हुलास कुमार की संयुक्त देखरेख में इस बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी त्योहार को जिले में पूरी तरह शांतिपूर्ण, सुरक्षित और आपसी सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना तथा कानून-व्यवस्था को अभेद्य बनाए रखना रहा।
संवेदनशील स्थलों, मंदिरों और मस्जिदों पर तैनात रहेगा भारी पुलिस बल
बैठक को संबोधित करते हुए अनुमंडल पदाधिकारी अमित अनुराग और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी हुलास कुमार ने संयुक्त रूप से बताया कि बकरीद पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर ढिलाई नहीं बरती जाएगी। प्रशासन द्वारा सभी चिन्हित संवेदनशील स्थलों, प्रमुख चौराहों, मंदिरों और मस्जिदों के पास मजिस्ट्रेट (दंडाधिकारी), पुलिस पदाधिकारियों और पर्याप्त संख्या में सशस्त्र पुलिस बल की मुस्तैदी तय कर दी गई है। हुलदंगियों और सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरें फैलाने वालों पर पुलिस की विशेष विंग पैनी नजर रखेगी।
शांति समिति के सदस्यों ने दिया पूर्ण सहयोग का आश्वासन
अनुमंडल सदर की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में शहर और ग्रामीण इलाकों से आए शांति समिति के विभिन्न प्रबुद्ध सदस्यों, समाजसेवियों और धर्मगुरुओं ने अपनी सक्रिय भागीदारी दर्ज कराई। बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने एक सुर में प्रशासनिक तैयारियों की सराहना की और अधिकारियों को आश्वस्त किया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी नवादा की जनता गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल पेश करेगी। सभी नागरिकों के सहयोग से बकरीद का यह पावन पर्व पूरी तरह शांतिपूर्ण और भाईचारे के माहौल में संपन्न होगा।
बिजली, पानी और बुनियादी सुविधाओं को दुरुस्त रखने के कड़े निर्देश
त्योहार के दौरान आम जनता और नमाजियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए अनुमंडल पदाधिकारी ने बैठक में मौजूद विभिन्न नागरिक विभागों के अफसरों को कड़े दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने बिजली विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति बनाए रखने, नगर परिषद को मस्जिदों और ईदगाहों के आसपास विशेष साफ-सफाई व ब्लीचिंग पाउडर के छिड़काव का निर्देश दिया। साथ ही, पेयजल और सड़कों की मरम्मत से जुड़े कार्यों को समय से पहले पूरा करने की हिदायत दी गई।
प्रशासनिक अधिकारियों की रही गरिमामयी मौजूदगी, दी गई बधाई
इस महत्वपूर्ण बैठक में कार्यपालक अभियंता (विद्युत आपूर्ति प्रमंडल नवादा), कार्यपालक पदाधिकारी (नगर परिषद नवादा), सहायक अभियंता (भवन प्रमंडल नवादा) के साथ-साथ प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) नवादा सदर, अंचल अधिकारी (सीओ) नवादा सदर और नगर थाना व बुंदेलखंड थाना के थानाध्यक्ष मुख्य रूप से उपस्थित रहे। बैठक के समापन पर अधिकारियों ने सभी उपस्थित सदस्यों और जिला वासियों को आगामी बकरीद पर्व की अग्रिम बधाई दी और आपसी प्रेम, सौहार्द तथा शांति के साथ त्योहार मनाने की भावपूर्ण अपील की।
अमन सिन्हा की रिपोर्ट