Bihar News: मेहंदी का रंग भी नहीं उतरा कि उजड़ गया सिंदूर, शादी के एक महीने बाद विधवा बनी नई नवेली दुल्हन, दो की मौत से पसरा मातम

Bihar News: बिहार के नवादा से दर्दनाक खबर सामने आ रही है। जहां एक नई नवेली दुल्हन का सुहाग उजड़ गया तो वहीं एक मासूम से पिता का छाया छिन गया। दो दोस्तों की मौत ने पूरे परिवार को सदमें में डाल दिया।

सड़क हादसा
दो की मौत से पसरा मातम - फोटो : reporter

Bihar News: नवादा जिले के रजौली थाना क्षेत्र अंतर्गत केंदुआ गांव के पास हुए भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की चपेट में आने से दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। नई नवेली दुल्हन का रो-रोकर बुरा हाल है। दोनों परिवार में कोहराम मचा हुआ है। 

दो दोस्तों की मौत से हड़कंप 

मृतकों की पहचान सिरदला थाना क्षेत्र के गोंदपुर गांव निवासी सूरज कुमार (28) और केंदुआ गांव निवासी सनी कुमार (28) के रूप में हुई है। दोनों आपस में घनिष्ठ मित्र थे और बाजार जा रहे थे तभी यह हादसा हुआ। इस घटना ने पूरे इलाके को गहरे शोक में डुबो दिया है। दोनों ही युवकों के परिवार हाल ही में खुशियों से भरे थे, लेकिन एक झटके में सब कुछ बिखर गया।

शादी के एक महीने बाद उजड़ गया सूरज का घर

सूरज कुमार अपने पिता दिनेश चौधरी के इकलौते पुत्र थे। उनकी शादी 7 मार्च को पूरे रीति-रिवाज के साथ हुई थी। घर में नई बहू के आने से खुशियों का माहौल था। लेकिन हादसे ने सब कुछ छीन लिया। शादी को अभी एक महीना भी पूरा नहीं हुआ था कि नवविवाहिता का सुहाग उजड़ गया। माता-पिता, जो बेटे की शादी की खुशी मनाकर लौटे थे, अब गहरे सदमे में हैं।

सनी कुमार के परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

सनी कुमार गणेश चौधरी के सबसे छोटे बेटे थे। उन्होंने दो साल पहले प्रेम विवाह किया था और एक छोटे बेटे के पिता थे। परिवार में खुशियों का माहौल था, लेकिन इस हादसे ने पत्नी और मासूम बेटे से उनका सहारा छीन लिया। अब परिवार के सामने भविष्य को लेकर गंभीर चिंता खड़ी हो गई है। घटना के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से अज्ञात वाहन चालक की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि आरोपी वाहन और चालक की पहचान की जा सके।

नवादा से अमन की रिपोर्ट