कोर्ट के सख्त आदेश के बाद एक्शन में पुलिस, 16 साल से फरार कुख्यात शराब माफिया रघुनंदन के घर किया कुर्की जब्ती
नवादा जिले में शराब कारोबारियों और माफियाओं के खिलाफ अदालत और पुलिस प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। इसी कड़ी में पुलिस ने अदालत के आदेश पर कुख्यात शराब माफिया रघुनंदन के घर कुर्की जब्ती की कार्रवाई की है....
Nawada : जिले में शराब कारोबारियों और माफियाओं के खिलाफ अदालत और पुलिस प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। जिले के काशीचक थाना क्षेत्र अंतर्गत कस्तूरी बीघा गांव में कुख्यात शराब माफिया रघुनंदन प्रसाद के घर पर कुर्की-जब्ती की बड़ी कार्रवाई की गई। न्यायालय के कड़े आदेश के अनुपालन में काशीचक थाना प्रभारी गौतम कुमार की अगवाई में पहुंची पुलिस टीम ने सोमवार को आरोपी के मकान की संपत्ति को सील और कुर्क किया।
16 सालों से चल रहा था फरार, लगातार कर रहा था अदालती आदेशों की अवहेलना
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी रघुनंदन प्रसाद वर्ष 2010 से ही अवैध शराब रखने, बेचने और तस्करी करने से जुड़े कई गंभीर मामलों में पुलिस की गिरफ्त से बाहर चल रहा था। लंबे समय से फरार रहने और अदालत के समन व आदेशों की लगातार अनदेखी करने के कारण न्यायालय ने अंततः उसकी चल-अचल संपत्ति को कुर्क करने का सख्त फरमान सुनाया।
नोटिस और इश्तिहार के बाद भी नहीं किया आत्मसमर्पण
कार्रवाई से पूर्व न्यायालय द्वारा आरोपी को अदालत में हाजिर होने के लिए विधिवत नोटिस जारी किया गया था। जब आरोपी ने सरेंडर नहीं किया, तो उसके घर पर इश्तिहार चस्पा कर एक सप्ताह का अंतिम समय दिया गया। इसके बावजूद रघुनंदन प्रसाद के उपस्थित न होने पर कोर्ट की अवमानना को गंभीरता से लेते हुए उसकी संपत्ति कुर्की का आदेश पारित किया गया।
2010 के मुकदमे में नामजद, अवैध तस्करी का है आरोपी
मामले की जानकारी देते हुए काशीचक थाना प्रभारी गौतम कुमार ने बताया कि यह पूरा प्रकरण वर्ष 2010 का है, जब रघुनंदन प्रसाद और उसके अन्य सहयोगियों पर शराब तस्करी और अवैध कारोबार को लेकर विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। आरोपी के खिलाफ कई मामले लंबित हैं और वह लगातार पुलिस को चकमा दे रहा था।
माफिया गिरोहों में मचा हड़कंप, फरार आरोपी की तलाश में छापेमारी तेज
इस बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और स्थानीय शराब माफियाओं व अपराधियों के बीच खलबली मच गई है। पुलिस ने कुर्क की गई संपत्ति को जब्त कर सील कर दिया है। थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि फरार आरोपी रघुनंदन प्रसाद की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसी कार्रवाइयां आगे भी जारी रहेंगी।
अमन सिन्हा की रिपोर्ट