Bihar Police Attack: नवादा में पुलिस टीम पर हमला, भीड़ ने सिपाही को घेर कर पीटा, वीडियो वायरल
Bihar Police Attack: बिहार के नवादा में सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की है। इस वीडियो में स्थानीय लोगों द्वारा पुलिसकर्मियों की पिटाई करते हुए देखा जा रहा है।
Bihar Police Attack: बिहार के नवादा से बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां भीड़ ने पुलिसकर्मी पर हमला बोल दिया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वहीं भीड़ के द्वारा आरोप लगाया जा रहा है पुलिस ने एक युवक की पिटाई की थी जिसके बाद भीड़ ने पुलिस पर हमला कर दिया। जानकारी अनुसार पुलिस ने ड्यूटी के दौरान हमला करने के आरोप में एक मैजिक वाहन चालक को गिरफ्तार किया है।
पुलिस पर हमला
यह घटना नवादा-हिसुआ मार्ग पर स्थित शोभिया मंदिर के समीप की बताई जा रही है। पुलिस अधीक्षक द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, यातायात थाने में तैनात सिपाही मनोज सिंह अपने एक साथी के साथ वरीय अधिकारी के निर्देश पर जाम हटाने गए थे। इसी दौरान एक मैजिक वाहन गलत तरीके से मार्ग पर घुस गया। सिपाही ने चालक को वाहन हटाने के लिए कहा, लेकिन उसने मना कर दिया।
वीडियो वायरल
वही जब सिपाही ने मोबाइल से वीडियो बनाना चाहा, तो चालक ने उसका मोबाइल छीन लिया। इसके बाद वहां भीड़ जमा हो गई और लोगों ने सिपाही पर हमला कर दिया। बाद में गश्ती पुलिस और अन्य पुलिसकर्मियों की मदद से स्थिति को नियंत्रित किया गया। पुलिस ने चालक विकास कुमार सिंह को वाहन सहित पकड़कर नगर थाने को सौंप दिया और उसका मैजिक वाहन जब्त कर लिया।
चालक गिरफ्तार
दूसरी ओर, गिरफ्तार चालक विकास कुमार सिंह का आरोप है कि सिपाही ने उसके साथ बदसलूकी की थी। इस मामले में सिपाही के आवेदन के आधार पर नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। प्राथमिकी में चालक विकास कुमार सिंह के अलावा उसके साथी राहुल कुमार और गाड़ी मालिक रोहित कुमार सहित 8-10 अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है।
पुलिस पर भी गंभीर आरोप
सभी आरोपियों पर सरकारी कार्य में बाधा डालने, जान से मारने की नीयत से ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी पर हमला कर घायल करने और यातायात व्यवस्था बाधित करने के आरोप हैं। इस घटना से जुड़े अन्य वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुए हैं, जिनमें एक युवक खून से लथपथ गाड़ी से बाहर निकलता दिख रहा है। इन वीडियो के सामने आने के बाद पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं, जिसमें युवक ने पुलिस पर पिटाई का आरोप लगाया है।
नवादा से अमन की रिपोर्ट