दिल्ली में चंद्रवंशी क्षत्रिय महासभा की नई प्रदेश कार्यकारिणी का गठन, एडवोकेट राज सिंह चंद्रवंशी सर्वसम्मति से चुने गए प्रदेश अध्यक्ष
Nawada/Delhi : अखिल भारतवर्षीय चंद्रवंशी क्षत्रिय महासभा की दिल्ली प्रदेश इकाई के पुनर्गठन को लेकर राजधानी दिल्ली में एक भव्य संगठनात्मक बैठक एवं निर्वाचन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। दिल्ली स्थित रानी सती मंदिर परिसर में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में दिल्ली-एनसीआर और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में समाज के वरिष्ठ प्रबुद्धजनों, प्रतिनिधियों, महिलाओं और युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
महाराज जरासंध व स्व. नथनी प्रसाद के चित्र पर पुष्पांजलि से शुरुआत
कार्यक्रम का शुभारंभ समाज के महापुरुषों, प्रथम चक्रवर्ती सम्राट महाराज जरासंध तथा कुलभूषण स्व. नथनी प्रसाद के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इसके उपरांत संगठन को मजबूती प्रदान करने, सामाजिक समरसता बनाए रखने और राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ पूर्णतः लोकतांत्रिक एवं सर्वसम्मति से नई प्रदेश कार्यकारिणी का गठन किया गया।
एडवोकेट राज सिंह बने दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष
निर्वाचन की प्रक्रिया के दौरान एडवोकेट राज सिंह चंद्रवंशी को सर्वसम्मति से 'अखिल भारतवर्षीय चंद्रवंशी क्षत्रिय महासभा' की दिल्ली प्रदेश इकाई का नया अध्यक्ष चुना गया। उनके नाम की घोषणा होते ही प्रांगण में मौजूद समाज के प्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने तालियों की गड़गड़ाहट और उत्साह के साथ उनका जोरदार स्वागत किया।
वरिष्ठ राष्ट्रीय पदाधिकारियों ने बढ़ाया उत्साह
पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और चुनाव प्रभारी मनोज चंद्रवंशी ने कहा कि लोकतांत्रिक परंपरा और सर्वसम्मति ही हमारे संगठन की सबसे बड़ी पूंजी है। उन्हें पूर्ण विश्वास है कि नई कार्यकारिणी संगठन के सिद्धांतों को आगे बढ़ाएगी। राष्ट्रीय महामंत्री रणविजय रोशन ने कहा कि संगठन के मूल उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए इसे सामाजिक एकता, शिक्षा, सामाजिक जागरूकता, युवा नेतृत्व विकास और राष्ट्रहित के लिए समर्पित बताया। जबकि राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रणजीत चंद्रवंशी ने संगठन को धरातल पर मजबूत करने का आह्वान किया और कहा कि युवाओं व महिलाओं को संगठन की मुख्य धारा से जोड़ना अनिवार्य है।
नव-निर्वाचित अध्यक्ष का संकल्प
नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष एडवोकेट राज सिंह चंद्रवंशी ने शीर्ष नेतृत्व और समाज के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे संगठन द्वारा सौंपी गई इस बड़ी जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता और निष्ठा के साथ करेंगे। उन्होंने दिल्ली में समाज के हर व्यक्ति को एकजुट करने का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ समाज के उत्थान, शिक्षा के प्रसार और राष्ट्रसेवा के सामूहिक संकल्प के साथ सम्मेलन का समापन हुआ।
अमन सिन्हा की रिपोर्ट