Nawada murder: नवादा में दिल दहला देने वाली वारदात! शक के आधार पर पति ने बेटे के सामने पत्नी को उतारा मौत के घाट

Nawada murder: नवादा में पति ने पत्नी की चाकू से हत्या कर दी। ये पूरी वारदात बेटे के सामने हुई। वहीं घटना के बाद से आरोपी पति फरार है।

 Nawada murder
नवादा में खौफनाक मंजर!- फोटो : social media

Nawada murder: बिहार के नवादा जिले के कौवाकोल थाना क्षेत्र के दरमा गांव में एक पारिवारिक विवाद ने बेहद भयावह रूप ले लिया। यहां एक पति ने अपनी ही पत्नी की चाकू से हमला कर हत्या कर दी। मृत महिला की पहचान 40 वर्षीय बबीता देवी के रूप में हुई है। इस घटना के बाद पूरे गांव में डर और शोक का माहौल बना हुआ है।

मृतका के बेटे अमित कुमार के अनुसार, उसके पिता रवि मांझी को लंबे समय से उसकी मां पर शक था। बुधवार को मोबाइल पर बात करने को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो धीरे-धीरे बढ़कर हिंसक झगड़े में बदल गई। गुस्से में आकर आरोपी ने पहले पत्नी के साथ मारपीट की और फिर चाकू से कई वार कर दिए।

बेटे ने मां को बचाने की कोशिश की

यह पूरी घटना बेटे अमित के सामने हुई। उसने अपनी मां को बचाने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने उसे भी थप्पड़ मारकर अलग कर दिया। गंभीर रूप से घायल बबीता देवी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद घर में चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। इस दर्दनाक घटना से पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है और परिवार के लोग गहरे सदमे में हैं।

 कौवाकोल थाना पुलिस मौके पर पहुंची

सूचना मिलते ही कौवाकोल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी घटना के बाद से फरार है और उसकी तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला घरेलू विवाद और शक से जुड़ा नजर आ रहा है, लेकिन सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। परिजनों के बयान लिए जा रहे हैं और सबूत जुटाए जा रहे हैं, ताकि आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।