नवादा में आकाशीय बिजली का कहर, खेत से घर लौट रही महिला पर गिरी बिजली, दर्दनाक मौत

Lightning strikes Nawada
Lightning strikes Nawada- फोटो : news4nation

Bihar News : बिहार के नवादा जिले में आकाशीय बिजली गिरने से एक महिला की मृत्यु हो गई। यह घटना कादिरगंज थाना क्षेत्र के जगतपुर गांव में हुई। मृतका की पहचान महेश चौहान की लगभग 35 वर्षीय पत्नी विमला देवी के रूप में की गई है। जानकारी के अनुसार, विमला देवी खेत में काम करने गई थीं। इसी दौरान मौसम अचानक खराब हो गया और तेज बारिश के साथ बिजली चमकने लगी। मौसम की स्थिति को देखते हुए वह खेत से अपने घर लौट रही थीं।


रास्ते में अचानक आकाशीय बिजली उन पर गिर गई, जिससे वह खेत में ही बेहोश होकर गिर पड़ीं। आसपास मौजूद स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और उन्हें गंभीर हालत में नवादा सदर अस्पताल ले गए। अस्पताल में जांच के दौरान डॉक्टर विक्रम कुमार ने विमला देवी को मृत घोषित कर दिया। महिला की मृत्यु की खबर मिलने पर परिवार में मातम छा गया।


घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया और फिर परिजनों को सौंप दिया गया।


मृतका अपने पीछे दो बेटे और दो बेटियों को छोड़ गई हैं। उनके पति महेश चौहान निजी कार्य कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं।

अमन की रिपोर्ट