Bihar News: बिहार में अपराधियों का तांडव! स्वर्ण व्यवसायी से 10 लाख की लूट, बीच सड़क पर रोका, सोना चांदी भी छीना, मचा हड़कंप
Bihar News: बिहार में अपराधियों का तांडव देखने को मिल रहा है। ताजा मामला नवादा का है। जहां अपराधियों ने 10 लाख की लूट की घटना को अंजाम दिया है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
Bihar News: बिहार के नवादा जिले में अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के अकौना गांव के पास एक स्वर्ण व्यवसायी से करीब 10 लाख रुपये के सोने-चांदी और नकदी की लूट की वारदात सामने आई है। प्रदेश में अपराधी घटनाएं चरम पर है। अपराधी एक के बाद एक बड़ी घटना को अंजाम दे रहे हैं। फिलहाल पुलिस इस मामले में जांच में जुटी हुई है।
सोना-चांदी के साथ 10 लाख नकदी भी छीना
घटना को लेकर पीड़ित व्यवसायी ओमप्रकाश ने पुलिस को बताया कि वह रोज की तरह अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। उनके हाथ में सोना, चांदी और नकदी से भरा एक थैला था। इसी दौरान पहले से घात लगाए अपराधियों ने उनकी गाड़ी का प्लग निकाल दिया था। जब गाड़ी बंद हो गई, तो उनका बेटा प्लग ठीक कराने के लिए पास के एक शोरूम में चला गया। इसी बीच दो बाइक सवार अपराधी अचानक पहुंचे और ओमप्रकाश के हाथ से थैला छीन लिया।
मारपीट कर फरार हुए अपराधी
विरोध करने पर अपराधियों ने उन्हें धक्का दिया और मारपीट करते हुए मौके से फरार हो गए। व्यवसायी के अनुसार, लूटे गए थैले में सोना, चांदी और नकदी सहित करीब 10 लाख रुपये का सामान था। घटना स्थल पर कोई सीसीटीवी कैमरा नहीं होने के कारण अपराधियों की पहचान में दिक्कत आ रही है। सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पीड़ित ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है, जिसके आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।
25 साल से कर रहे व्यवसाय
बताया जा रहा है कि ओमप्रकाश पिछले 25 वर्षों से इस क्षेत्र में स्वर्ण व्यवसाय कर रहे हैं और यह उनके साथ तीसरी वारदात है। इससे पहले भी उनकी दुकान में चोरी और ताला तोड़कर सामान ले जाने की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन उन मामलों का अब तक खुलासा नहीं हो सका है। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और अपराधियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।
नवादा से अमन की रिपोर्ट