Bihar News : नवादा में दिनदहाड़े ठगी ! PNB में शातिरों ने चौकीदार की बेटी को बातों में उलझाया, उड़ाए 17,500 रुपये, जांच में जुटी पुलिस

Bihar News : नवादा जिले के सिरदला बाजार स्थित पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की शाखा में सुरक्षा व्यवस्था और दावों की पोल खोलते हुए दिनदहाड़े ठगी की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है.....पढ़िए आगे

Bihar News : नवादा में दिनदहाड़े ठगी ! PNB में शातिरों ने चौ
चौकीदार की बेटी से ठगी - फोटो : AMAN

NAWADA : नवादा जिले के सिरदला बाजार स्थित पंजाब नेशनल बैंक  शाखा में सोमवार को दिनदहाड़े ठगी की घटना सामने आई। बैंक परिसर के अंदर अज्ञात उचक्कों ने सिरदला थाना के चौकीदार इम्तियाज आलम की बेटी चांदनी प्रवीण से 17,500 रुपये ठग लिए। जानकारी के अनुसार, चांदनी प्रवीण सोमवार को सिरदला बाजार स्थित पंजाब नेशनल बैंक पहुंची थीं। उन्होंने बैंक के कैश काउंटर से 40 हजार रुपये निकाले। 

जब वह कैशियर द्वारा दिए गए रुपये अपने पास रख रही थीं, तभी एक अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें बातचीत में उलझाया। उसने कहा कि आजकल बैंक में भी नकली या कम रुपये मिलने की शिकायतें आती हैं, इसलिए पैसे दोबारा गिन लेने चाहिए। चांदनी जब रुपये गिनने लगीं, तो उस व्यक्ति ने खुद को मददगार बताते हुए पैसे अपने हाथ में ले लिए। उसने नकली नोट पहचानने का तरीका बताने के बहाने रुपये गिनना शुरू किया। इसी दौरान उसने चुपके से 17,500 रुपये पीछे खड़े अपने एक साथी को दे दिए। कुछ देर बाद दोनों संदिग्ध व्यक्ति वहां से चले गए।

दोनों व्यक्तियों के जाने के बाद जब चांदनी ने दोबारा रुपये गिने तो रकम कम पाई गई। उन्होंने दोनों व्यक्तियों की तलाश की, लेकिन तब तक वे फरार हो चुके थे। घटना की जानकारी मिलने पर चौकीदार इम्तियाज आलम बैंक पहुंचे और सिरदला थाना पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही पुलिस बैंक पहुंची और सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी।

अपर थानाध्यक्ष विकास कुमार ने बताया कि इस मामले में आवेदन प्राप्त हो गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने के लिए जांच कर रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे बैंक में किसी भी अजनबी के झांसे में न आएं। नकदी की गिनती या जांच केवल बैंक कर्मियों की मौजूदगी में ही करें, ताकि ठगी की ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।

अमन की रिपोर्ट