Bihar News:तिलैया पुल के पास धधका जंगल, राहगीरों की सतर्कता से टली बड़ी अनहोनी
Bihar News: तिलैया पुल के पास जंगल में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते लपटें तेज हवा के साथ फैलने लगीं और..
Bihar News: नवादा जिले में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब हिसुआ थाना क्षेत्र स्थित तिलैया पुल के पास जंगल में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते लपटें तेज हवा के साथ फैलने लगीं और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल बन गया।
मौके से गुजर रहे राहगीरों ने हालात की गंभीरता को भांपते हुए तुरंत आपातकालीन सेवा 112 पर कॉल कर सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग हरकत में आ गया। हिसूआ थाना प्रभारी मृत्युंजय कुमार को जैसे ही घटना की खबर मिली, उन्होंने तत्काल फायर ब्रिगेड को अलर्ट किया।
अग्निशमन विभाग की टीम बिना देर किए घटनास्थल पर पहुंची। आग तेजी से जंगल के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले रही थी। दमकलकर्मियों ने रणनीतिक तरीके से आग को चारों ओर से घेरकर काबू में किया। कड़ी मशक्कत के बाद लपटों पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया। थाना प्रभारी ने पुष्टि की कि आग को पूरी तरह बुझा दिया गया है और अब स्थिति सामान्य है।
फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच जारी है। पुलिस इस पहलू पर पड़ताल कर रही है कि कहीं किसी ने जानबूझकर आग तो नहीं लगाई, या फिर यह किसी चिंगारी का नतीजा थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि तेज हवा और पास से गुजर रहे बिजली के तार से निकली चिंगारी के कारण आग भड़की होगी।
गनीमत रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, वरना यह बड़ा हादसा साबित हो सकता था। आसपास के रिहायशी इलाकों और खेतों तक आग फैलने का खतरा मंडरा रहा था।
फायर विभाग की त्वरित कार्रवाई और राहगीरों की सजगता की स्थानीय लोग सराहना कर रहे हैं। उनकी सतर्कता और प्रशासन की फुर्ती ने एक संभावित बड़ी त्रासदी को टाल दिया।
रिपोर्ट- अमन कुमार