बेटी का रिश्ता तय कर घर लौट रहे पिता की सड़क हादसे में मौत, ऑटो और पिकअप की आमने-सामने टक्कर मे गई जान

Nawada : बेटी का रिश्ता तय कर मिठाई लेकर घर लौट रहे एक पिता की सड़क हादसे में मौत हो गई। घर में जहां कुछ देर पहले शादी तय होने की खुशी मनाई जा रही थी वहां कोहराम मच गया...

बेटी का रिश्ता तय कर घर लौट रहे पिता की सड़क हादसे में मौत,
सड़क दुर्घटना में मौत- फोटो : अमन सिन्हा

Nawada :  जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। जहां बेटी का रिश्ता तय कर मिठाई लेकर घर लौट रहे एक पिता की सड़क हादसे में मौत हो गई। घटना हिसुआ थाना क्षेत्र के ज्ञान भारती के पास हुई, जहां दो वाहनों की टक्कर में लगभग 55 वर्षीय बुजुर्ग ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।


मृतक की पहचान अकबरपुर प्रखंड के जसौली गांव निवासी सोबा चंद्र साव के रूप में हुई है। आज रविवार को एक टेंपो और एक पिकअप गाड़ी की आमने-सामने हुई टक्कर सोबा चंद्र साव की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई।


परिजनों के अनुसार, सोभा चंद्र साव अपनी इकलौती बेटी की शादी के लिए रिश्ता तय करने गए थे। सोमवार को लड़के वालों को लड़की देखने आना था, जिसकी तैयारियों में परिवार जुटा हुआ था। वह हिसुआ से मिठाई और अन्य सामान खरीदकर घर लौट रहे थे।


सोबा चंद्र साव अपने पीछे एक बेटी और चार बेटों को छोड़ गए हैं। उनकी पत्नी का निधन भी एक साल पहले एक सड़क दुर्घटना में हो गई थी। परिवार में बेटी की शादी की जिम्मेदारी सोबा चंद्र साव पर थी, जिसके लिए वे लगातार प्रयास कर रहे थे।


घटना की सूचना मिलने पर हिसुआ थाना प्रभारी मृत्युंजय कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल नवादा भेज दिया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।


नवादा से अमन सिन्हा