नवादा के हाथियों का आतंक, हाथियों के झुंड ने कुचलकर ली एक व्यक्ति की जान, वन विभाग पर गुस्साए ग्रामीण

ग्रामीणों ने बताया कि यह पहली बार नहीं है जब हाथी मानव बस्ती में घुसकर तबाही मचा रहे हैं। पिछले कई दिनों से इलाके में हाथियों का तांडव जारी है, जिससे किसानों की फसलों को भारी नुकसान हो रहा है।

Elephants trampled in Nawada
Elephants trampled in Nawada- फोटो : news4nation

Bihar News :  नवादा जिले के कौआकोल थाना क्षेत्र अंतर्गत बिंदीचक गांव में हाथियों के झुंड ने एक व्यक्ति की जान ले ली। मृतक की पहचान 55 वर्षीय राजाराम पासवान के रूप में हुई है। हाथियों ने उन्हें पूरी तरह कुचल दिया, जिससे घटनास्थल पर भयावह दृश्य देखने को मिला। स्थानीय लोगों के अनुसार राजाराम पासवान अपने खेत की रखवाली कर रहे थे, तभी जंगली हाथियों का झुंड अचानक गांव की ओर आ गया। हाथियों ने उन्हें घेर लिया और कुचलकर मार डाला।


घटना की सूचना मिलते ही पूरे गांव में दहशत फैल गई। ग्रामीणों ने बताया कि यह पहली बार नहीं है जब हाथी मानव बस्ती में घुसकर तबाही मचा रहे हैं। पिछले कई दिनों से इलाके में हाथियों का तांडव जारी है, जिससे किसानों की फसलों को भारी नुकसान हो रहा है। घटना के बाद ग्रामीणों में वन विभाग की कार्यशैली को लेकर जबरदस्त आक्रोश देखा जा रहा है। लोगों का आरोप है कि वन विभाग समय पर कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा है। न तो हाथियों को भगाने के लिए उचित व्यवस्था की गई और न ही प्रभावित परिवारों को कोई सहायता दी जा रही है। 


एक स्थानीय निवासी ने बताया, “हाथी पूरी तरह पागल हो चुके हैं। रात में अचानक गांव में घुस आते हैं। हमारी फसलें बर्बाद हो रही हैं और अब जान भी जा रही है। वन विभाग सिर्फ कागजों पर काम करता है, हकीकत में कुछ नहीं हो रहा।घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिवार को मुआवजे का आश्वासन दिया गया है, लेकिन ग्रामीणों का कहना है कि आश्वासन से काम नहीं चलेगा। उन्हें स्थायी समाधान चाहिए। 


जिलाधिकारी ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। वन विभाग के अधिकारी ने कहा कि हाथियों को भगाने के लिए विशेष टीम गठित की जा रही है और बिजली की रोशनी तथा पटाखों का इस्तेमाल बढ़ाया जाएगा।बिंदीचक और आसपास के गांवों में फिलहाल तनावपूर्ण माहौल है। लोग रात में घरों से बाहर निकलने में भी डर रहे हैं। हाथियों के इस बढ़ते हमले ने पूरे इलाके में चिंता का माहौल बना दिया है।

नवादा से अमन की रिपोर्ट