नवादा में कांग्रेस का जोरदार आक्रोश मार्च: पेपर लीक पर केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन, मोदी-प्रधान से इस्तीफे की मांग

नवादा जिले में कांग्रेस द्वारा नीट पेपर लीक समेत कई राष्ट्रीय मुद्दों को लेकर केन्द्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस के जिलाध्यक्ष के नेतृत्व मे निकाले एक इस आक्रोश मार्च में बड़ी संख्या में छात्र भी शामिल रहे....

नवादा में कांग्रेस का जोरदार आक्रोश मार्च: पेपर लीक पर केंद्
नवादा में कांग्रेस का जोरदार आक्रोश मार्च- फोटो : अमन सिन्हा

Nawada : जिले में कांग्रेस पार्टी ने राष्ट्रीय मुद्दों और बार-बार हो रही पेपर लीक की घटनाओं को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ एक बड़ा विरोध प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रभाकर झा के नेतृत्व में निकाले गए इस आक्रोश मार्च में सैकड़ों कार्यकर्ताओं, छात्रों और युवाओं ने हिस्सा लिया। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई।


छात्रों-युवाओं ने बोला हमला, भविष्य से खिलवाड़ का आरोप

मार्च के दौरान छात्रों और युवाओं ने आरोप लगाया कि देश में लगातार हो रही पेपर लीक की घटनाएं युवाओं के भविष्य के साथ सीधा खिलवाड़ हैं। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि सरकार इस गंभीर समस्या पर ठोस कदम उठाने के बजाय केवल टालमटोल की नीति अपना रही है। छात्रों ने हालिया लाठीचार्ज की घटनाओं की भी कड़े शब्दों में निंदा की और चेतावनी दी कि जब तक दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं होती और परीक्षाएं पारदर्शी नहीं बनाई जातीं, आंदोलन जारी रहेगा।


पूरे शहर में निकाला जुलूस, तानाशाही के खिलाफ लगे नारे

"तानाशाही सरकार को उखाड़ फेंकना होगा" जैसे तीखे नारों के साथ प्रदर्शनकारियों ने नवादा की मुख्य सड़कों पर जुलूस निकाला। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पेपर लीक केवल किसी एक परीक्षा का मामला नहीं है, बल्कि यह पूरे शिक्षा तंत्र पर हमला है। जिला अध्यक्ष प्रभाकर झा ने चेतावनी दी कि देश का युवा अब इस प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेगा।


प्रशासन रहा सतर्क, चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात

किसी भी अप्रिय स्थिति या कानून-व्यवस्था बिगड़ने से रोकने के लिए स्थानीय प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर दिखा। सदर एसडीओ अमित अनुराग और एसडीपीओ हुल्लास कुमार के निर्देशन में प्रमुख मार्गों और चौराहों पर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। हालांकि माहौल में तनाव बना रहा, लेकिन पुलिस की मुस्तैदी से आक्रोश मार्च शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।


देशव्यापी आंदोलन का हिस्सा, अन्य जिलों में भी प्रदर्शन के संकेत

यह प्रदर्शन देशभर में NEET और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक विवाद के बीच विपक्ष द्वारा चलाए जा रहे आंदोलनों की कड़ी का हिस्सा है। नवादा में हुए इस जोरदार प्रदर्शन ने छात्रों और युवाओं का ध्यान अपनी ओर खींचा है। कांग्रेस पार्टी ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में राज्य के अन्य जिलों में भी इसी तरह के उग्र आंदोलन आयोजित किए जाएंगे।


अमन सिन्हा की रिपोर्ट