नवादा में 'गाँव से AI तक' शॉर्ट फिल्म का शुभ मुहूर्त,ओरैना पंचायत की AI समिट यात्रा पर फिल्म

 "गाँव से AI तक"
"गाँव से AI तक" - फोटो : news4nation

Bihar News : बिहार की ओरैना पंचायत की प्रेरणादायक यात्रा पर आधारित शॉर्ट फिल्म "गाँव से AI तक" का शुभ मुहूर्त शनिवार को नवादा के द सेलिब्रेशन होटल में संपन्न हुआ। यह फिल्म बिहार की पहली ऐसी पंचायत की कहानी बताती है, जिसने अपने बच्चों को बिहार AI समिट 2026 में भाग लेने के लिए भेजा था। ओरैना पंचायत ने अपने प्रतिभाशाली बच्चों को AI समिट में भेजकर एक नया इतिहास रचा था। इसी ऐतिहासिक पहल को अब बड़े पर्दे पर उतारा जा रहा है। इस अवसर पर फिल्म से जुड़े कलाकार, सामाजिक कार्यकर्ता, शिक्षाविद और विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।


कार्यक्रम का उद्घाटन नवादा नगर परिषद की मुख्य पार्षद पिंकी कुमार और पूर्व मुख्य पार्षद संजय साव ने किया। फिल्म "गाँव से AI तक" बिहार के ग्रामीण क्षेत्र के उन बच्चों की वास्तविक प्रेरक यात्रा पर आधारित है, जिन्होंने सीमित संसाधनों के बावजूद AI समिट में भाग लेकर नई तकनीकी दुनिया से परिचय प्राप्त किया। फिल्म में यह दिखाया जाएगा कि बच्चों और उनके अभिभावकों को कैसे जागरूक किया गया और उन्हें इस महत्वपूर्ण सम्मेलन तक पहुँचाने के लिए संसाधनों व सहयोग की व्यवस्था की गई।


इस फिल्म का निर्देशन सागर इंडिया कर रहे हैं, जबकि इसके निर्माता संजय साव हैं। फिल्म का निर्माण पारू एंटरटेनमेंट के बैनर तले किया जा रहा है और बिहार छात्र संसद सहयोगी संस्था के रूप में जुड़ी हुई है। कास्टिंग की जिम्मेदारी काशिका कास्टिंग ने संभाली है। अनुराधा पंडित, राज लक्ष्मी, आदित्य आर्यन और प्रशांत मानव प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे। प्रशांत मानव फिल्म में ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को तकनीकी शिक्षा और अवसरों से जोड़ने वाले एक प्रेरक सामाजिक कार्यकर्ता की भूमिका निभाएंगे।


शुभ मुहूर्त समारोह में मगहिया गुरु के नाम से प्रसिद्ध सामाजिक कार्यकर्ता सौरभ मुदगल हीरा सहित फिल्म की पूरी टीम और स्थानीय गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। फिल्म निर्माताओं के अनुसार, "गाँव से AI तक" केवल एक शॉर्ट फिल्म नहीं, बल्कि ग्रामीण युवाओं के सपनों, शिक्षा, तकनीकी नवाचार और बदलते भारत की कहानी है। यह फिल्म समाज को यह संदेश देगी कि अवसर मिलने पर गाँव के बच्चे भी विज्ञान, तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में नई ऊँचाइयाँ हासिल कर सकते हैं।

अमन की रिपोर्ट