Bihar News: नवादा से पटना तक दौड़ेगी एक और ट्रेन! सांसद विवेक ठाकुर ने रेलमंत्री से की मुलाकात, कर दी बड़ी मांग

Bihar News: नवादा सांसद विवेक ठाकुर ने रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव से दिल्ली में मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने नवादा के विकास को लेकर रेल मंत्री से कई मांग की।

विवेक ठाकुर
विवेक ठाकुर ने रेलमंत्री से की मुलाकात - फोटो : social media

Bihar News: नवादा के सांसद विवेक ठाकुर ने दिल्ली में रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने नवादा लोकसभा क्षेत्र में रेल संपर्कता और यात्री सुविधाओं से जुड़े अहम मुद्दों पर चर्चा की। मुलाकात के दौरान सांसद ने नवादा-पावापुरी, नवादा-लक्ष्मीपुर और तिलैया-कोडरमा नई रेल लाइनों के निर्माण को लेकर विस्तार से बातचीत की। 

नई ट्रेन चलाने का आग्रह

उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से क्षेत्र में कनेक्टिविटी मजबूत होगी और स्थानीय लोगों को बड़ा लाभ मिलेगा। सांसद विवेक ठाकुर ने यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए नवादा-बरबीघा-पटना रेलखंड पर एक अतिरिक्त ट्रेन चलाने की मांग भी रखी, ताकि यात्रियों को राहत मिल सके।

तिलैया जंक्शन पर पीट लाइन की मांग

उन्होंने तिलैया जंक्शन के पास जरूरी पीट लाइन के जल्द निर्माण का अनुरोध किया। साथ ही विभिन्न स्टेशनों पर ट्रेनों के ठहराव से जुड़े अपने पूर्व प्रस्तावों की भी याद दिलाई। सांसद ने कहा कि इन सभी योजनाओं के लागू होने से नवादा क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी। उन्होंने दोहराया कि उनका लक्ष्य क्षेत्र के हर गांव तक रेल सुविधाओं का विस्तार करना और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

नवादा से अमन की रिपोर्ट