वारिसलीगंज की बदहाली पर विधायक अनीता का एक्शन प्लान, सीएम के दरबार में पहुंचीं स्वास्थ्य, शिक्षा, किसान और आधार से जुड़ी समस्याएं

Bihar Politics: वारिसलीगंज विधानसभा क्षेत्र की बुनियादी समस्याओं को लेकर राजद विधायक अनीता ने मुख्यमंत्री के समक्ष कई मांगें रखी हैं।...

Anita Takes Warisaliganj Issues to Bihar CM
विधायक अनीता का एक्शन प्लान- फोटो : reporter

Bihar Politics: वारिसलीगंज विधानसभा क्षेत्र की बुनियादी समस्याओं को लेकर राजद विधायक अनीता ने मुख्यमंत्री के समक्ष कई मांगें रखी हैं। विधायक ने अलग-अलग मांग पत्र सौंपकर स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, सिंचाई और आम लोगों की रोजमर्रा की परेशानियों से जुड़े मुद्दों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराने की मांग की है।

विधायक ने काशीचक प्रखंड के मधेपुर स्थित अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की बदहाल स्थिति का मुद्दा उठाते हुए जर्जर भवन को ध्वस्त कर आधुनिक स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण कराने की मांग की। उनका कहना है कि यहां पिछले 15 वर्षों से स्वास्थ्य सेवाएं बंद हैं, जिससे स्थानीय ग्रामीणों को इलाज के लिए दूर-दराज जाना पड़ता है। उन्होंने बंद स्वास्थ्य सेवाओं को तत्काल बहाल करने की मांग भी की।वहीं पकरीबरावां प्रखंड के दतरौल गांव में घनी आबादी को देखते हुए नया उप स्वास्थ्य केंद्र स्थापित करने का प्रस्ताव दिया गया है। विधायक के मुताबिक स्वास्थ्य सुविधा गांव के करीब उपलब्ध होने से ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं और बच्चों को काफी राहत मिलेगी।

गांव-मोहल्लों में नए स्कूल खोलने की मांग

शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी विधायक ने सरकार का ध्यान खींचा है। वारिसलीगंज प्रखंड और नगर परिषद क्षेत्र के गंगटा, महदेवा, ओराणी, पटेलनगर, प्रभुनगर समेत कई चिह्नित गांवों और मोहल्लों में नए प्राथमिक विद्यालय खोलने की मांग की गई है। विधायक ने कहा कि छोटे बच्चों को घर के नजदीक स्कूल मिलने से उनकी पढ़ाई आसान होगी और शिक्षा के अधिकार के उद्देश्य को भी मजबूती मिलेगी।

आगजनी में फसल गंवाने वाले किसानों को मुआवजे की मांग

मई 2026 में मीरचक, गोड़ापर, पेंगरी और बेलढा समेत कई गांवों में आगजनी से गेहूं की फसल बर्बाद होने का मामला भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखा गया। विधायक ने प्रभावित किसानों को जल्द से जल्द मुआवजा देने की मांग की, ताकि फसल नुकसान से आर्थिक संकट में फंसे किसानों को राहत मिल सके। इसके अलावा सकरी नदी में पेंगरी गांव के समीप चेक डैम निर्माण को चालू वित्तीय वर्ष के बजट में प्राथमिकता देने तथा इसके लिए प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृति प्रदान करने की मांग की गई है। इससे सिंचाई और स्थानीय जल प्रबंधन को बेहतर बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

आधार सुधार के लिए पटना दौड़ने की मजबूरी खत्म करने की मांग

विधायक ने आधार कार्ड में नाम या जन्मतिथि में ‘लिमिट क्रॉस’ के बाद सुधार की सुविधा केवल पटना में उपलब्ध होने से आम लोगों को हो रही परेशानी का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने प्रत्येक जिले में आधार सुधार और सत्यापन केंद्र खोलने का सुझाव दिया है। विधायक अनीता की मांगों का फोकस साफ है वारिसलीगंज में बंद स्वास्थ्य सेवाओं को पटरी पर लाना, बच्चों को स्कूल के करीब पहुंचाना, किसानों को नुकसान का मुआवजा दिलाना और आम लोगों को सरकारी सेवाओं के लिए जिला मुख्यालय से बाहर भटकने से बचाना। अब निगाह मुख्यमंत्री और संबंधित विभागों की कार्रवाई पर है।

रिपोर्ट- अमन कुमार