Bihar Holi 2026: नवादा में सदियों पुरानी परंपरा की गूंज, अग्रवाल समाज ने किया भव्य सामूहिक होलिका दहन
Bihar Holi 2026: अग्रवाल समाज ने सदियों पुरानी अपनी अनूठी परंपरा को पूरे श्रद्धा, उत्साह और धूमधाम के साथ निभाया।..
Bihar Holi 2026:नवादा जिले में इस बार भी अग्रवाल समाज ने सदियों पुरानी अपनी अनूठी परंपरा को पूरे श्रद्धा, उत्साह और धूमधाम के साथ निभाया। जिले के प्रमुख स्थल सब्जी बाजार में हजारों लोग पूरे परिवार के साथ जुटे और सामूहिक रूप से होलिका दहन किया। बताया जाता है कि यह परंपरा 100 वर्षों से भी अधिक पुरानी है और नवादा में अग्रवाल समाज का यह सबसे बड़ा और एकमात्र सामूहिक आयोजन माना जाता है।
परंपरा की खासियत
समाज के लोग अपने-अपने घरों से निकलकर एक साथ इकट्ठा होते हैं। सबसे पहले विधि-विधान से होलिका पूजन किया जाता है मंत्रोच्चारण, आरती, गेहूं की बालियां, मिष्ठान और अन्य सामग्री अर्पित की जाती है। महिलाएं पारंपरिक लाल जोड़े या वेशभूषा में विशेष रूप से भाग लेती हैं। पूजा सब्जी बाजार में होलिका दहन होता है, जहां होलिका दहन के साथ बुराई पर अच्छाई की जीत का उत्सव मनाया जाता है। दहन के बाद लोग एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाते हैं, गले मिलते हैं और होली की बधाइयां देते हैं। यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक एकता, भाईचारे और पारिवारिक मूल्यों को मजबूत करता है।
सामाजिक महत्व
अग्रवाल समाज के वरिष्ठजन राजकुमार अग्रवाल बताते हैं कि यह परंपरा व्यापारिक समृद्धि, परिवार की सुख-शांति और समाज की एकजुटता का प्रतीक है। पीढ़ी-दर-पीढ़ी निभाई जा रही यह रीत नवादा की सांस्कृतिक धरोहर का हिस्सा बन चुकी है। अन्य स्थानों पर होलिका दहन अलग-अलग रूपों में होता है, लेकिन अग्रवाल समाज का यह सामूहिक कार्यक्रम अपनी विशिष्टता के लिए प्रसिद्ध है।इस साल भी बाजार क्षेत्र में भारी भीड़ और उत्साह देखने को मिला। होलिका दहन के बाद रंगों की होली खेलने की तैयारियां शुरू हो गईं।
रिपोर्ट- अमन कुमार