Bihar Scorpio fire: बारात बनी आग का शोला,चलती स्कॉर्पियो धू-धू कर जली, शीशा तोड़कर लोगों ने बचाई जान

स्कॉर्पियो के बोनट से धुआं उठने लगा। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया।...

Scorpio burns people break glass to escape
चलती स्कॉर्पियो धू-धू कर जली- फोटो : reporter

Bihar Scorpio fire: एक खौफनाक और सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां खुशियों से भरी बारात अचानक मौत के मंजर में बदलते-बदलते बच गई। बिहार थाना क्षेत्र के नालंदा के बिहारशरीफ से  झिंगनगर मोहल्ले में चलती स्कॉर्पियो अचानक आग का गोला बन गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।

जानकारी के अनुसार, पहाड़पुर निवासी चंदन कुमार की बारात धूमधाम से झिंगनगर स्थित मैरिज हॉल की ओर जा रही थी। गाड़ी में बाराती जश्न के मूड में थे, लेकिन जैसे ही स्कॉर्पियो झिंगनगर के पास पहुंची, अचानक बोनट से धुआं उठने लगा। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया।

स्थिति और भी भयावह तब हो गई, जब गाड़ी का सेंट्रल लॉकिंग सिस्टम फेल हो गया और दरवाजे लॉक हो गए। अंदर बैठे लोग कुछ पल के लिए मौत के जाल में फंस गए। लेकिन इसी बीच बारातियों ने हिम्मत और सूझबूझ दिखाते हुए खिड़कियों के शीशे तोड़े और बाहर निकलने में कामयाब हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और तुरंत पुलिस व दमकल विभाग को खबर दी गई। अग्निशमन दल ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक स्कॉर्पियो पूरी तरह जलकर लोहे के ढांचे में तब्दील हो चुकी थी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग लगने के पीछे हैंड ब्रेक लगे होने के बावजूद गाड़ी चलाने से पैदा हुए घर्षण को वजह माना जा रहा है, जबकि कुछ लोग इसे शॉर्ट सर्किट की आशंका से जोड़ रहे हैं। हालांकि, अग्निशमन पदाधिकारी कृष्ण मुरारी प्रसाद ने बताया कि आग के कारणों की जांच की जा रही है।

वहीं बिहार थाना प्रभारी सम्राट दीपक ने कहा कि पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है और आवेदन मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। गनीमत रही कि इस भीषण हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन इस घटना ने एक बार फिर वाहन सुरक्षा और सतर्कता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

रिपोर्ट- राज पाण्डेय