Bihar News : नालंदा पुलिस ने 73 लाख रुपये की सम्पत्ति की चोरी का किया खुलासा, माँ, बहन, बेटा सहित 8 आरोपियों को किया गिरफ्तार
Bihar News : नालंदा में माँ, बहन और बेटा मिलकर गैंग चलाते थे. जिसनें 73 लाख की चोरी कांड में पुलिस ने गिरफ्तार किया है......पढ़िए आगे
NALANDA : जिले के लहेरी थाना क्षेत्र के शिवपुरी भैसासुर मुहल्ले में हुई बड़ी चोरी की घटना का पुलिस ने महज 10 दिनों के भीतर उद्भेदन कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में कुख्यात चोर समेत आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है और चोरी की गई नगदी व सोने के आभूषण भी बरामद किए हैं। एसपी भारत सोनी ने बताया कि शिवपुरी भैसासुर मुहल्ला निवासी अविनाश कुमार ने 26 फरवरी 2026 को लहेरी थाना में आवेदन देकर अपने घर में चोरी होने की सूचना दी थी। आवेदन में उन्होंने परिवार के लगभग 73 लाख रुपये मूल्य के गहनों की चोरी होने की बात कही थी। इस संबंध में लहेरी थाना में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और आसूचना के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी आदित्य कुमार उर्फ चिकारा की पहचान की। लगातार पीछा करते हुए 8 मार्च को पटना जिले के पटना सिटी बाईपास स्थित एक किराये के मकान से आदित्य कुमार उर्फ चिकारा को विपेन्द्र कुमार के साथ गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।
पुलिस ने इस मामले में चोरी की सामग्री छिपाने और सोना खरीदकर गलाने में शामिल रोहित शर्मा, रौशन कुमार, रजत खत्री, कपिल कुमार, सविता देवी और वर्षा कुमारी को भी गिरफ्तार किया है। इनमें रजत खत्री और कपिल कुमार पर चोरी के सोने को खरीदने और गलाने का आरोप है। वहीं सविता देवी और वर्षा कुमारी मुख्य आरोपी आदित्य कुमार की मां और बहन हैं, जिन्होंने चोरी के पैसे और गहनों को छिपाने में मदद की थी।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से 132.68 ग्राम सोने के आभूषण (कुछ गलाया हुआ), 23 लाख 39 हजार रुपये नकद, बिना नंबर की केटीएम मोटरसाइकिल तथा गोदरेज अलमारी तोड़ने में प्रयुक्त दो पेचकश बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी आदित्य कुमार उर्फ चिकारा एक कुख्यात चोर है और उसके खिलाफ लहेरी, अस्थावां, बिहार और सोहसराय थाना में पहले से सात आपराधिक मामले दर्ज हैं। छापेमारी टीम में डीएसपी नुरुल हक, थानाध्यक्ष रंजीत कुमार रजक, सम्राट दीपक, दारोगा ऋतुराज ,नीतीश रंजन, निशा कुमारी शामिल थी।
राज की रिपोर्ट