Bihar News : नालंदा में इंटर की छात्रा की हुई संदिग्ध परिस्थिति में मौत, पुलिस ने कमरे से कट्टा किया बरामद, हत्या और आत्महत्या की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस

Bihar News : नालंदा में इंटर की छात्रा की हुई संदिग्ध परिस्थ

NALANDA : जिले के हरनौत थाना क्षेत्र के पुरानी थाना के समीप शुक्रवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक 16 वर्षीय इंटर की छात्रा काजल कुमारी का शव उसके किराए के कमरे से बरामद हुआ। छात्रा की मौत गोली लगने से हुई है, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और पुलिस ने मौके पर पहुँचकर मामले की छानबीन शुरू कर दी।

पुलिस के अनुसार, उन्हें सुबह करीब 10 बजे गोली चलने की सूचना मिली थी। जब टीम घटनास्थल पर पहुँची, तो कमरे के अंदर छात्रा का शव खून से लथपथ पड़ा था। मृतका की पहचान बख्तियारपुर के लक्ष्मणपुर निवासी वशिष्ठ नारायण सिंह की पुत्री काजल कुमारी के रूप में हुई है। चौंकाने वाली बात यह है कि शव के पास ही एक देसी कट्टा भी बरामद किया गया है, जिससे मामला शुरू से ही उलझा हुआ नजर आ रहा है।

जांच में यह बात सामने आई है कि काजल अपनी मां और भाई-बहनों के साथ यहाँ किराए पर रहती थी। लगभग एक सप्ताह पहले उसकी मां अपने बेटे के इलाज के लिए गुजरात गई थीं, जिसके बाद काजल अपनी मौसी के घर शिफ्ट हो गई थी। घटना वाले दिन सुबह करीब साढ़े छह बजे वह किसी काम से अकेले अपने कमरे पर लौटी थी, जिसके कुछ ही घंटों बाद उसकी मौत की खबर आई।

मृतक छात्रा के परिजनों ने इस घटना को सोची-समझी साजिश और हत्या करार दिया है। परिजनों का स्पष्ट कहना है कि काजल का स्वभाव आत्महत्या जैसा कदम उठाने वाला नहीं था। उन्होंने आरोप लगाया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसकी हत्या की है और साक्ष्य मिटाने व मामले को आत्महत्या का रूप देने के उद्देश्य से शव के पास हथियार रख दिया गया है। परिजनों की मांग है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को सजा दी जाए।

डीएसपी संजय कुमार जायसवाल ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (FSL) टीम को मौके पर बुलाकर वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र करवाए हैं। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या और हत्या के बीच उलझा हुआ है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।

राज की रिपोर्ट