Bihar Crime : नालंदा में आपसी विवाद में घर पर चढ़कर बदमाशों ने की अंधाधुंध फायरिंग, महिला को लगी गोली, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

Bihar Crime : नालंदा में बेख़ौफ़ बदमाशों ने घर पर चढ़कर फायरिंग की घटना को अंजाम दिया है. इस घटना में एक महिला को गोली लग गयी है. जिसका इलाज चल रहा है.....पढ़िए आगे

Bihar Crime : नालंदा में आपसी विवाद में घर पर चढ़कर बदमाशों
बदमाशों ने की फायरिंग - फोटो : RAJ

NALANDA : जिले के थरथरी थाना क्षेत्र के रूपन बीघा गांव में जमीन विवाद को लेकर अपराधियों ने घर पर चढ़कर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस घटना में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। पूरी वारदात घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका वीडियो सामने आने के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

बताया जाता है कि 6 मार्च की शाम करीब 7:24 बजे हथियार से लैस कई अपराधी सुमरिक देवी के घर और दुकान पर पहुंच गए। आरोप है कि अपराधियों ने दुकान के शटर और घर की ओर अंधाधुंध गोलियां चलानी शुरू कर दी। फायरिंग के दौरान सुमरिक देवी को गोली लग गई और वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। वारदात के बाद अपराधियों ने मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरे को भी तोड़ने की कोशिश की, लेकिन इससे पहले ही घटना कैमरे में कैद हो चुकी थी।

घायल महिला के पुत्र बैजू कुमार ने बताया कि उन्हें ननिहाल की संपत्ति में करीब 10 कट्ठा जमीन मिली है। इसी जमीन को लेकर उनके ममेरे भाइयों के साथ विवाद चल रहा है। आरोप है कि एक कट्ठा जमीन पर जबरन कब्जा करने को लेकर पहले से तनाव था और इसी विवाद में अपराधियों ने हमला कर दिया।पीड़ित परिवार का आरोप है कि पहले भी पुलिस को विवाद की जानकारी दी गई थी, लेकिन समय पर कार्रवाई नहीं होने के कारण अपराधियों का मनोबल बढ़ गया। परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के बाद भी प्राथमिकी दर्ज करने में पुलिस ने दो दिनों तक देरी की।

थाना प्रभारी मोहम्मद साजिद अख्तर ने बताया कि आवेदन मिल गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

राज की रिपोर्ट