Bihar News : नालंदा में शादी समारोह से लौट रहीं चार बार बालाएं शराब के साथ गिरफ्तार, वाहन जांच के दौरान पुलिस ने दबोचा
Bihar News : नालंदा पुलिस शराब के साथ चार बार बालाओं को गिरफ्तार किया है. वहीँ पुलिस ने स्विफ्ट कार भी जब्त कर लिया है........पढ़िए आगे
NALANDA : बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून को कड़ाई से लागू करने के लिए पुलिस लगातार सक्रिय है। इसी कड़ी में नालंदा जिले के नगरनौसा थाना पुलिस ने सोमवार की देर रात एक बड़ी कार्रवाई की है। वाहन जांच अभियान के दौरान पुलिस ने एक कार से विदेशी शराब बरामद की, जिसमें सवार चार बार बालाओं समेत कुल पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने न केवल आरोपियों को जेल भेजा है, बल्कि घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार को भी जब्त कर लिया है।
नगरनौसा थानाध्यक्ष शशि रंजन कुमार मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि सोमवार रात थाने के समीप नियमित वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पटना की दिशा में जा रही एक सफेद रंग की स्विफ्ट कार को संदिग्ध मानकर रोका गया। जब पुलिस बल ने कार की गहन तलाशी लेनी शुरू की, तो उसमें सवार एक युवती के बैग से विदेशी शराब की बोतल बरामद हुई। शराब मिलते ही पुलिस ने सख्ती बरतते हुए कार में सवार सभी लोगों को हिरासत में ले लिया।
गिरफ्तार किए गए लोगों से जब पुलिस ने पूछताछ की, तो पता चला कि ये सभी पेशेवर कलाकार (बार बालाएं) हैं। ये लोग पटना से नालंदा के चंडी थाना क्षेत्र स्थित एक गांव में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने आए थे। वहां सांस्कृतिक कार्यक्रम (डांस प्रोग्राम) संपन्न करने के बाद सभी लोग वापस पटना लौट रहे थे। आरोपियों को लगा था कि देर रात होने के कारण वे पुलिस की नजरों से बच निकलेंगे, लेकिन नगरनौसा पुलिस की मुस्तैदी ने उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया।
पुलिस ने बताया कि शराबबंदी कानून के उल्लंघन के मामले में चार युवतियों और उनके साथ मौजूद एक पुरुष सहयोगी को गिरफ्तार किया गया है। पकड़े गए सभी लोग पटना के अलग-अलग इलाकों के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि शराब की यह बोतल उन्होंने चंडी में हासिल की थी या वे इसे पटना से ही साथ लेकर आए थे। इस गिरफ्तारी के बाद स्थानीय स्तर पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की आड़ में हो रहे नशे के खेल पर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने सभी आरोपियों की मेडिकल जांच कराई और आवश्यक कानूनी दस्तावेज तैयार किए। मंगलवार को सभी पांचों अभियुक्तों को बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत संबंधित न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। थानाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि शराब के अवैध परिवहन और सेवन के खिलाफ पुलिस का यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
राज की रिपोर्ट