Bihar News : नालंदा में मघड़ा भगदड़ के बाद जागा प्रशासन, मंदिर परिसर से हटा अतिक्रमण, अब सीढ़ियों की जगह बनेगा सुरक्षित स्लोप
Bihar News : नालंदा के शीतला मंदिर में भगदड़ के बाद प्रशासन ने एक्शन लिया है. इसी कड़ी में इलाके में अतिक्रमण हटाओं अभियान चलाया गया......पढ़िए आगे
NALANDA : 31 मार्च को मघड़ा स्थित मां शीतला मंदिर में हुई दर्दनाक भगदड़ ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया था। इस हादसे में 8 महिलाओं की जान चली गई थी। घटना ने जहां प्रशासनिक लापरवाही को उजागर किया, वहीं अब यही घटना बदलाव की वजह बनती नजर आ रही है। जिला प्रशासन और मंदिर प्रबंधन ने चूक स्वीकार करते हुए सुधार की दिशा में तेजी से कदम बढ़ा दिए हैं।
हादसे के बाद प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। नगर निगम बिहारशरीफ ने शनिवार को मंदिर परिसर और उसके आसपास अतिक्रमण हटाने के लिए अभियान चलाया। निगम का बुलडोजर अवैध कब्जों पर चला, जिससे रास्तों को चौड़ा और सुगम बनाया जा रहा है। उप नगर आयुक्त शम्स रजा ने बताया कि अतिक्रमण हटाओ अभियान पहले से चल रहा था, लेकिन अब इसे और तेज कर दिया गया है। लक्ष्य है शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाकर आम लोगों के लिए सुरक्षित माहौल तैयार करना।
घटनास्थल पर सबसे बड़ा बदलाव सीढ़ियों को लेकर किया जा रहा है। जहां भगदड़ हुई थी, वहां की सीढ़ियों को तोड़कर अब समतल स्लोप बनाया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं की आवाजाही आसान और सुरक्षित हो सके। प्रशासन का मानना है कि इससे भविष्य में भीड़ के दबाव को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी और हादसे की आशंका कम होगी।इसके साथ ही मंदिर परिसर में सुरक्षा के अन्य इंतजाम भी किए जा रहे हैं। सीढ़ियों के पास मजबूत स्टील रॉड लगाए जाएंगे, जबकि पहले लगाए गए बांस को हटाया जा रहा है। मंदिर के आसपास फैले अतिक्रमण को हटाकर जगह को खुला और व्यवस्थित बनाया जा रहा है, ताकि आपात स्थिति में लोगों को निकलने में परेशानी न हो।
स्वच्छता व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। मंदिर परिसर में जमा गंदे पानी को साफ कर उसमें स्वच्छ पानी भरा जाएगा। प्रशासन का मानना है कि साफ-सफाई से न केवल वातावरण पवित्र होगा, बल्कि श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। आने वाले दिनों में मंदिर तक जाने वाली सड़क को चौड़ा करने की योजना भी तैयार की जा रही है। इससे श्रद्धालुओं की आवाजाही सुगम होगी और भीड़ प्रबंधन को बेहतर तरीके से संभाला जा सकेगा।
राज की रिपोर्ट