Bihar News: राज्यपाल के काफिले के सामने युवक का हाई वोल्टेज ड्रामा, पुलिस ने दर्जनों जवानों के छुड़ा दिया पसीना
Bihar News: मुजफ्फरपुर में बिहार के राज्यपाल सर सैयद अता हसनैन के विश्वविद्यालय पहुंचने के दौरान उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक अपनी समस्या को लेकर राज्यपाल से मिलने की जिद पर अड़ गया। ...
Bihar News: मुजफ्फरपुर में बिहार के राज्यपाल सर सैयद अता हसनैन के विश्वविद्यालय पहुंचने के दौरान उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक अपनी समस्या को लेकर राज्यपाल से मिलने की जिद पर अड़ गया। बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर बिहार विश्वविद्यालय के गेट पर युवक ने जमकर हंगामा किया। हालात संभालने में पुलिस और मौके पर मौजूद अधिकारियों के पसीने छूट गए।
दरअसल, राज्यपाल के विश्वविद्यालय परिसर में पहुंचने के दौरान उक्त युवक अपनी शिकायत लेकर उनसे मुलाकात करना चाहता था। युवक लगातार राज्यपाल से मिलने की मांग करता रहा। पुलिसकर्मियों ने उसे समझाने और शांत कराने की कोशिश की, लेकिन वह अपनी जिद पर कायम रहा। देखते ही देखते मौके पर हंगामा बढ़ गया और पुलिसकर्मियों के बीच भी अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को लगाया गया। काफी मशक्कत के बाद दर्जनों जवानों ने युवक को पकड़कर जबरन पुलिस वाहन में बैठाया और उसे थाने ले गए। इस दौरान विश्वविद्यालय गेट के बाहर काफी देर तक हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा।
राज्यपाल के कार्यक्रम को लेकर विश्वविद्यालय परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। वहीं, पूरे कार्यक्रम से मीडिया को दूर रखे जाने की बात भी सामने आई है। घटना के बाद अब यह सवाल उठ रहा है कि अपनी समस्या लेकर राज्यपाल से मिलने की कोशिश कर रहे आम नागरिक को मुलाकात का अवसर क्यों नहीं दिया गया और उसे पुलिस हिरासत में क्यों ले जाया गया।हालांकि, युवक की शिकायत और उसे हिरासत में लिए जाने के आधिकारिक कारण की विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। ऐसे में घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं और प्रशासन की कार्रवाई पर भी चर्चा शुरू हो गई है।
रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा