सड़क विवाद में दबंगों के द्वारा महादलित समाज के महिलाओं की पिटाई, वीडियो हो रहा वायरल
Muzaffarpur : जिले के देवरिया थाना का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर बड़ी तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें कुछ दबंगों द्वारा महादलित समाज के कुछ महिलाओं को पीटते हुए साफ तौर पर देखा जा सकता है। मामले को लेकर महिलाओं द्वारा देवरिया थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है, लेकिन महिलाओं का आरोप है कि पुलिस दबंगो के खिलाफ अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की है।
दरअसल यह पूरा मामला मुजफ्फरपुर जिले के देवरिया थाना क्षेत्र के धरफरी गांव के वार्ड संख्या 5 का है। जहां एक महादलित टोला है, लेकिन उन परिवारों को मुख्य सड़क तक जाने के लिए रास्ता नहीं था। महादलित टोला के लोगों द्वारा चार वर्ष पूर्व अपने गांव के निवासी विपिन कुमार राय से ढाई लाख रुपए में अपने जमीन में रास्ता देने को लेकर एक एग्रीमेंट बना था।
इसके बाद महादलित बस्ती के सभी लोगों के द्वारा चंदा कर ढाई लाख रुपया विपिन कुमार राय को दिया गया। लेकिन किसी कारणवश उसे जमीन की रजिस्ट्री नहीं हो पाई। अब उस जमीन को जिस पर महादलित बस्ती के लोगों से विपिन कुमार राय के द्वारा पैसा लिया गया था रास्ता देने के लिए बीते 16 अप्रैल को ट्रैक्टर से उस रास्ते को जोता जा रहा था जिसका महादलित बस्ती के महिलाओं के द्वारा विरोध किया गया।
महिलाओं द्वारा विरोध होने के बाद दबंग का गुस्सा सातवें आसमान पर चढ़ गया और देखते ही देखते दबंगों द्वारा महिला की जमकर पिटाई शुरू कर दी गई। अब इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें साफ तौर पर देखा जा सकता है कि किस तरह वहां पर खड़े चार व्यक्ति के द्वारा विरोध कर रही महिलाओं की जमकर लाठी और डंडे से पिटाई की जा रही है।
वहीं घटना को लेकर महादलित बस्ती के महिलाओं के द्वारा देवरिया थाने की पुलिस को लिखित आवेदन सौंपा गया था। अब मामले में देवरिया थाना की पुलिस ने एससी एससी एक्ट के तहद प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों के गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी की जा रही है।
मणिभूषण की रिपोर्ट