Bihar Crime : दिनदहाड़े डबल मर्डर से दहला मुजफ्फरपुर, बदमाश ने चाकू मारकर की दादा और पोती की हत्या, इलाके में मचा हड़कंप
Bihar Crime : मुजफ्फरपुर में आपसी रंजिश में दादा और उनकी 5 वर्षीय मासूम पोती की चाकू मारकर निर्मम हत्या कर दी गई। इस दोहरे हत्याकांड के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है.....पढ़िए आगे
MUZAFFARPUR : बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से एक दर्दनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां आपसी रंजिश में दादा और उनकी 5 वर्षीय मासूम पोती की चाकू मारकर निर्मम हत्या कर दी गई। इस दोहरे हत्याकांड के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। यह खौफनाक घटना मुजफ्फरपुर जिले के साहेबगंज थाना क्षेत्र स्थित माई स्थान के समीप की है। प्राथमिक जानकारियों के अनुसार, घटना की वजह पारिवारिक या आपसी पट्टीदारी का विवाद बताया जा रहा है। आरोप है कि पट्टीदार ने ही धारदार चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दादा और उनकी 5 साल की मासूम पोती को मौत के घाट उतार दिया।
वारदात की खबर फैलते ही आसपास के स्थानीय लोग उग्र हो गए। घटना के बाद भागने की कोशिश कर रहे आरोपी को ग्रामीणों ने मौके पर ही धर दबोचा और उसकी जमकर पिटाई कर दी। मामले की सूचना मिलते ही साहेबगंज थाना की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और आरोपी को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर अपनी कस्टडी में लिया। ग्रामीणों की पिटाई से गंभीर रूप से घायल आरोपी का इलाज फिलहाल पुलिस अभिरक्षा में चल रहा है।
मामले की संवेदनशीलता और गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। सूचना मिलते ही एसडीपीओ सरैया अभिजीत कौर और ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर खुद घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने वरिष्ठ पुलिस बल के साथ मिलकर घटनास्थल की नाकाबंदी कर जांच शुरू कर दी है।
अपराध के वैज्ञानिक और ठोस साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। FSL की टीम घटनास्थल से खून के नमूने और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्रित कर रही है ताकि आरोपी को अदालत में सख्त से सख्त सजा दिलाई जा सके। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और इलाके में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।
मणिभूषण की रिपोर्ट