Bihar News : मुजफ्फरपुर में 4 दिनों से लापता गर्भवती महिला का शव पुलिस ने किया बरामद, FSL की टीम जांच में जुटी
Bihar News : मुजफ्फरपुर पुलिस ने पियर थाना क्षेत्र के नूनफरा पंचायत अंतर्गत कोईली गांव से पिछले चार दिनों से लापता 7 महीने की गर्भवती महिला का शव बरामद कर लिया है।
MUZAFFARPUR : बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पुलिस ने पियर थाना क्षेत्र के नूनफरा पंचायत अंतर्गत कोईली गांव से पिछले चार दिनों से लापता 7 महीने की गर्भवती महिला का शव बरामद कर लिया है। मृतका की पहचान बिट्टू कुमार की पत्नी खुशबू कुमारी के रूप में हुई है।
ससुराल से थी लापता
दरअसल, चार दिन पूर्व खुशबू कुमारी अपने ससुराल से संदिग्ध परिस्थितियों में अचानक लापता हो गई थी। जब इस बात की भनक खुशबू के पिता को लगी, तो वे आनन-फानन में अपनी बेटी के ससुराल कोईली गांव पहुंचे। वहां का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। घर का दरवाजा बाहर से बंद था और ससुराल पक्ष के सभी लोग घर छोड़कर फरार थे। किसी अनहोनी की आशंका को देखते हुए पीड़ित पिता ने तुरंत पियर थाना पहुंचकर दामाद और उसके परिवार पर बेटी की हत्या कर शव छुपाने का लिखित आरोप लगाया।
चिंताओं के बीच पुलिस की सुस्ती
पीड़ित पिता के आवेदन पर पियर थाना पुलिस ने प्राथमिकी तो दर्ज कर ली, लेकिन शुरुआती तीन दिनों तक मामले में कोई ठोस प्रगति या छापेमारी नहीं की गई, जिससे न्याय की उम्मीद टूटने लगी थी। हताश होकर मृतका के पिता ने न्याय की गुहार लगाई। चैनल द्वारा इस संवेदनशील मामले को प्रमुखता और प्राथमिकता से दिखाए जाने के महज कुछ ही घंटों के भीतर पुलिस महकमा पूरी तरह हरकत में आ गया।
ईंट भट्टी के पास बोरे में बंद मिला शव
पुलिस ने त्वरित अनुसंधान शुरू करते हुए छापेमारी की, जिसके बाद गांव के ही एक सुनसान ईंट भट्टी के पास से खुशबू कुमारी का शव बरामद हुआ। हत्यारों ने साक्ष्य मिटाने और पहचान छुपाने के उद्देश्य से शव को एक बोरे में बंद कर वहां फेंक दिया था। मृतका के 7 माह की गर्भवती होने के कारण इस जघन्य अपराध को लेकर स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश और शोक की लहर है। शव बरामद होने के तुरंत बाद पियर थाना पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित करते हुए मौके पर एफएसएल की फॉरेंसिक टीम को बुलाया है। फॉरेंसिक विशेषज्ञ घटना स्थल और शव के आस-पास से वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्रित कर रहे हैं, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि हत्या को किस प्रकार अंजाम दिया गया और शव को वहां कब लाया गया था। फिलहाल पुलिस ने पंचनामा तैयार कर शव को अपने कब्जे में ले लिया है और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की विधिक प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मृतका के फरार ससुराल वालों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं और जल्द ही सभी आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
मणिभूषण की रिपोर्ट