Bihar Police: 24 घंटे में छह लापता युवतियां बरामद, पुलिस ने शुरू की कानूनी कार्रवाई

Bihar Police: घर से गायब या अपहृत युवतियों और महिलाओं की सुरक्षित बरामदगी को लेकर पुलिस का विशेष अभियान लगातार जारी है।...

Bihar Police: 24 घंटे में छह लापता युवतियां बरामद, पुलिस ने
छह लापता युवतियां बरामद- फोटो : reporter

Bihar Police: घर से गायब या अपहृत युवतियों और महिलाओं की सुरक्षित बरामदगी को लेकर पुलिस का विशेष अभियान लगातार जारी है। मुजफ्फरपुर वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्रा के निर्देश पर चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन तलाश’ के तहत पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर छह युवतियों को सकुशल बरामद किया है।

पुलिस के मुताबिक, ऑपरेशन तलाश के तहत उन युवतियों की तलाश की जा रही है, जो किसी वजह से अपने घर से लापता हो गई हैं या जिनके संबंध में अपहरण का मामला दर्ज कराया गया है। पुलिस टीम लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश देकर लापता युवतियों की तलाश कर रही है। इसी अभियान के तहत गायघाट थाना पुलिस ने अलग-अलग जिलों से पांच युवतियों को बरामद किया। वहीं, हथौड़ी थाना पुलिस ने भी एक युवती को सकुशल बरामद करने में कामयाबी हासिल की।

इस तरह महज 24 घंटे के भीतर मुजफ्फरपुर पुलिस ने कुल छह युवतियों को बरामद किया है। बरामदगी के बाद पुलिस अब सभी युवतियों को न्यायालय में प्रस्तुत करने की तैयारी में जुटी है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, न्यायालय में युवतियों का धारा 164 के तहत बयान दर्ज कराया जाएगा। इसके बाद न्यायालय से आदेश प्राप्त होने पर उन्हें नियमानुसार उनके परिजनों के सुपुर्द किया जाएगा।

मामले को लेकर डीएसपी ईस्ट वन अलय वत्स ने बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर ऑपरेशन तलाश के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि गायघाट थाना क्षेत्र से पांच और हथौड़ी थाना क्षेत्र से एक युवती को सकुशल बरामद किया गया है। सभी को न्यायालय में प्रस्तुत कर उनका बयान दर्ज कराया जाएगा और कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस का कहना है कि लापता और अपहृत युवतियों की बरामदगी को लेकर अभियान आगे भी जारी रहेगा। ऑपरेशन तलाश के जरिए पुलिस ऐसे मामलों में तेजी से कार्रवाई कर रही है, ताकि पीड़ित परिवारों को राहत मिल सके और लापता युवतियों को सुरक्षित वापस लाया जा सके।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा