Bihar News: मुजफ्फरपुर में जगतवीर राय मौत मामले में नया मोड़, घटनास्थल से खुफिया विभाग को मिले बंदूक के छर्रे, ग्रामीणों का आरोप
Bihar News: मुजफ्फरपुर में जगतवीर राय मौत मामले में पुलिस पर लगातार सवाल खड़े हो रहे हैं। इसी बीच बड़ी नया मोड़ सामने आया है। घटनास्थल से खुफिया विभाग को बंदूक के छर्रे बरामद किया है।
Bihar News: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के गायघाट थाना क्षेत्र के चोरनिया गांव में पुलिस और ग्रामीणों के बीच हुई झड़प में जगतवीर राय की मौत के मामले में अब नया मोड़ आ गया है। खुफिया विभाग ने घटनास्थल से बंदूक के छर्रे मिलने का दावा किया है। जिससे यह संकेत मिल रहा है कि फायरिंग केवल पुलिस की ओर से ही नहीं हुई थी।
गिरफ्तारी के दौरान हुआ था बवाल
घटना उस समय हुई थी जब पुलिस पॉक्सो एक्ट के एक आरोपी को गिरफ्तार करने गांव पहुंची थी। इसी दौरान स्थानीय लोगों और पुलिस के बीच झड़प हो गई, जिसमें जगतवीर राय की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने तत्कालीन थाना प्रभारी राजा सिंह पर गोली मारकर हत्या का आरोप लगाया।
दोनों पक्षों ने दर्ज कराई एफआईआर
मृतक के परिजनों ने थानेदार के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया है। वहीं, तत्कालीन थाना प्रभारी राजा सिंह ने भी अपनी ओर से प्राथमिकी दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि पुलिस टीम पर हमला किया गया, जिसके बाद आत्मरक्षा में फायरिंग करनी पड़ी। इस दौरान कई पुलिसकर्मी घायल हुए और पुलिस वाहन भी क्षतिग्रस्त हुए।
एसएसपी ने की कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्रा ने गायघाट थाना प्रभारी समेत कई पुलिसकर्मियों को पुलिस लाइन भेज दिया है। साथ ही पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के आदेश दिए गए हैं। जांच के दौरान खुफिया विभाग को घटनास्थल से बंदूक के छर्रे मिले हैं। इससे यह संभावना जताई जा रही है कि झड़प के दौरान दोनों ओर से फायरिंग हुई थी। यह दावा पुलिस के उस बयान को भी मजबूती देता है, जिसमें स्थानीय लोगों द्वारा गोली चलाने की बात कही गई थी।
भड़काऊ पोस्ट पर पुलिस की चेतावनी
घटना के बाद मामले ने राजनीतिक रंग ले लिया है। विभिन्न दलों के नेताओं ने मृतक के घर पहुंचकर निष्पक्ष जांच की मांग की है। इस मामले को लेकर सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट को देखते हुए पुलिस सतर्क हो गई है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाली किसी भी पोस्ट पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच कई स्तरों पर जारी है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारण और जिम्मेदारों की स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
मुजफ्फरपुर से मणि भूषण की रिपोर्ट