Bihar News : ड्यूटी में लापरवाही करना दो थानेदारों को पड़ा भारी, मुजफ्फरपुर एसएसपी ने तत्काल प्रभाव से किया सस्पेंड
Bihar News : मुजफ्फरपुर एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो थानेदार को निलंबित कर दिया है. एसएसपी की इस बड़ी कार्रवाई से पुलिस महकमें में हड़कंप मच गया है....पढ़िए आगे
MUZAFFARPUR : बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में पुलिस महकमे से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने कर्तव्य में लापरवाही और शिथिलता बरतने के आरोप में दो थानाध्यक्षों पर सख्त कार्रवाई की है। एसएसपी ने पारू थानाध्यक्ष और औराई थानाध्यक्ष को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। पुलिस कप्तान की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।
पहली कार्रवाई पारू थाना क्षेत्र से जुड़ी है, जहां बीते 15 दिनों के भीतर पुलिस अभिरक्षा से दो अलग-अलग मामलों के आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए थे। थाना परिसर से आरोपियों के भागने की घटना को एसएसपी ने काफी गंभीरता से लिया। मामले की जांच में थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार शुक्ला की गंभीर लापरवाही सामने आई, जिसके बाद एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पारू थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार शुक्ला को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
वहीं, दूसरी कार्रवाई औराई थाना क्षेत्र के थानाध्यक्ष सुनील कुमार पर हुई है। औराई थानाध्यक्ष के खिलाफ कार्य में लगातार शिथिलता बरतने और कई अन्य प्रकार की शिकायतें मिल रही थीं। मामले की जांच एसडीपीओ ईस्ट-1 अलय वत्स द्वारा की गई थी। जांच पूरी होने के बाद एसडीपीओ ने अपनी रिपोर्ट एसएसपी को सौंपी, जिसमें आरोप सही पाए गए। रिपोर्ट के आधार पर एसएसपी ने औराई थानाध्यक्ष सुनील कुमार को भी तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
एक ही दिन में दो थानाध्यक्षों पर हुई इस सख्त कार्रवाई के बाद जिले के अन्य थाना प्रभारियों और पुलिस अधिकारियों के बीच हड़कंप का माहौल है। एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा की इस सख्त कार्रवाई ने पूरे पुलिस महकमे में यह स्पष्ट संदेश दे दिया है कि कानून व्यवस्था और ड्यूटी के प्रति किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मणिभूषण की रिपोर्ट