मुजफ्फरपुर में बेटी का इलाज कराने गया था परिवार, पीछे से चोरों ने उड़ाए 15 लाख के जेवर और 5 लाख कैश

मुजफ्फरपुर जिले के औराई थाना क्षेत्र स्थित प्रयागचक गांव में चोरों ने घर के भीतर रखी अलमारियों के ताले तोड़कर रखे कीमती सामानों को पूरी तरह साफ कर दिया।चोर लगभग 15 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात और 5 लाख रुपये से अधिक की नगदी लेकर फरार

Muzaffarpur Thieves stole jewelry worth Rs 15 lakh and cash
चोरों ने उड़ाए 15 लाख के जेवर और 5 लाख कैश- फोटो : news 4 nation

मुजफ्फरपुर जिले के औराई थाना क्षेत्र स्थित प्रयागचक गांव में चोरों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम देकर सनसनी फैला दी है। किसान विमल राय अपने परिवार के साथ मुजफ्फरपुर शहर गए हुए थे, क्योंकि उनकी बेटी अस्पताल में भर्ती थी। इसी दौरान उनके सूने घर को निशाना बनाकर चोरों ने इत्मीनान से हाथ साफ किया। जब रविवार शाम विमल राय वापस लौटे, तो घर का टूटा दरवाजा और बिखरा सामान देखकर उनके होश उड़ गए।

15 लाख के जेवर और 5 लाख नगद पर हाथ साफ

चोरों ने घर के भीतर रखी अलमारियों के ताले तोड़कर उसमें रखे कीमती सामानों को पूरी तरह साफ कर दिया। पीड़ित परिवार के अनुसार, चोर लगभग 15 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात और 5 लाख रुपये से अधिक की नगदी लेकर फरार हो गए हैं। इस बड़ी लूट के बाद पीड़ित परिवार गहरे सदमे में है और उनकी जीवन भर की कमाई एक झटके में लूट ली गई है।

पुलिस गश्ती पर उठे सवाल, जांच में जुटी टीम

घटना की सूचना मिलते ही औराई थाना अध्यक्ष हेमलता कुमारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और स्थानीय लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। हालांकि, इस घटना ने पुलिसिया गश्ती पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। थाना अध्यक्ष ने आश्वासन दिया है कि पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

इलाके में दहशत, सुरक्षा को लेकर बढ़ी चिंता

इस वारदात के बाद प्रयागचक समेत आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि चोरों के मन से पुलिस का खौफ खत्म हो चुका है, तभी वे बेखौफ होकर ऐसी बड़ी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। स्थानीय लोग अब अपने घरों और संपत्ति की सुरक्षा को लेकर काफी चिंतित हैं। सवाल यह उठता है कि क्या पुलिस इस गिरोह को पकड़कर चोरी गई संपत्ति बरामद कर पाएगी?

रिपोर्ट - मणि भूषण शर्मा