मुजफ्फरपुर में गुरु-शिष्य का रिश्ता तार-तार:सरकारी स्कूल के शिक्षक पर छात्राओं को बैड टच करने का आरोप,FIR दर्ज
मुजफ्फरपुर के पारू स्थित मध्य विद्यालय लालू छपरा में शिक्षक रतनलाल सहनी पर छात्राओं को बैड टच करने के आरोप में FIR दर्ज की गई है। SSP के आदेश के बाद पुलिस आरोपी शिक्षक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से शिक्षा जगत और गुरु-शिष्य के पवित्र रिश्ते को शर्मसार कर देने वाली एक गंभीर घटना सामने आई है। पारू थाना क्षेत्र के मध्य विद्यालय लालू छपरा में एक शिक्षक द्वारा अपनी ही स्कूल की मासूम छात्राओं के साथ अश्लील हरकत और 'बैड टच' करने का मामला उजागर हुआ है। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया और पीड़ित छात्राओं के परिजनों के बयान पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
होली के समय से हरकतों को अंजाम दे रहा था आरोपी, डर से चुप थीं छात्राएं
आरोपी शिक्षक की पहचान रतनलाल सहनी के रूप में हुई है, जो इसी विद्यालय में पदस्थापित है। बताया जा रहा है कि आरोपी शिक्षक छठवीं और सातवीं कक्षा की छात्राओं को काफी समय (होली के त्यौहार) से ही अनुचित तरीके से छूता और उनके साथ गलत व्यवहार करता आ रहा था। लोक-लाज और डर के कारण छात्राएं काफी समय तक कुछ नहीं कह सकीं, लेकिन जब आरोपी शिक्षक की हरकतें हद से ज्यादा बढ़ गईं, तब छात्राओं ने हिम्मत जुटाकर अपनी स्कूल की हेडमास्टर और परिजनों से पूरी आपबीती साझा की।
परिजनों ने स्कूल में किया हंगामा, मौके पर पहुंची पुलिस
छात्राओं से इस शर्मनाक घटना की जानकारी मिलने के बाद आक्रोशित परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों ने मध्य विद्यालय लालू छपरा में पहुंचकर जमकर हंगामा किया और आरोपी शिक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। मामले की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस तुरंत हरकत में आई और स्कूल पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की छानबीन की। पुलिस ने पीड़ित छात्राओं और विद्यालय के अन्य शिक्षकों से बातचीत कर मामले की पूरी जानकारी जुटाई है।
SSP के निर्देश पर केस दर्ज, फरार शिक्षक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए मुजफ्फरपुर के एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने बताया कि परिजनों की लिखित शिकायत (आवेदन) के आधार पर पारू थाने में संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना के बाद से ही आरोपी शिक्षक रतनलाल सहनी फरार चल रहा है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीम लगातार उसके संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। पुलिस का दावा है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
मुजफ्फरपुर से मणिभूषण की रिपोर्ट