Bihar Police reshuffle: SSP का बड़ा एक्शन, 7 इंस्पेक्टर इधर-उधर, पुलिस में मचा हड़कंप, सिस्टम टाइट करने की तैयारी

Bihar Police reshuffle: कानून-व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल किया गया है...

Muzaffarpur SSP Big Transfer Drive Shakes 7 Inspectors
7 इंस्पेक्टर इधर-उधर- फोटो : X

Bihar Police reshuffle:  कानून-व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए पुलिस महकमे में एक बार फिर जबरदस्त हलचल मच गई है। मुजफ्फरपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक  कांतेश कुमार मिश्रा ने सख्त एक्शन लेते हुए इंस्पेक्टर रैंक के 7 पुलिस अफसरों का तबादला कर दिया है। इस ऑपरेशन तबादला को महज प्रशासनिक फेरबदल नहीं, बल्कि सिस्टम में कसावट लाने की बड़ी कवायद माना जा रहा है।

सूत्रों की मानें तो ये फैसला कार्यकुशलता, लोकहित और जमीनी हकीकत को ध्यान में रखकर लिया गया है। पुलिस उप-महानिरीक्षक (DIG) की मंजूरी के बाद जारी इस लिस्ट ने थानों से लेकर खुफिया इकाइयों तक हलचल पैदा कर दी है। कई थानेदारों की कुर्सियां बदल दी गईं, तो कुछ को इंटेलिजेंस और साइबर जैसे अहम दायरों में तैनात किया गया है।

तबादले की इस फेहरिस्त में अहियापुर थाना के थानाध्यक्ष रोहन कुमार को जिला आसूचना इकाई में भेजा गया है। वहीं काजीमोहम्मदपुर थाना के नवलेश कुमार आजाद को सदर थाना की कमान सौंपी गई है। शरत कुमार को अहियापुर का नया थानेदार बनाया गया है, जबकि चन्द्र भूषण सिंह अब काजीमोहम्मदपुर संभालेंगे।

इसी कड़ी में मनोज कुमार साह को न्यायालय सुरक्षा से हटाकर सदर थाना का पर्यवेक्षी पदाधिकारी बनाया गया है। मुन्ना कुमार गुप्ता को सदर अंचल का पुलिस निरीक्षक बनाया गया है, जबकि साइबर थाना में तैनात रजा अहमद को अहियापुर थाना की निगरानी सौंपी गई है।

पुलिस महकमे के अंदरखाने में इसे सख्त पैगाम माना जा रहा है कि ढिलाई, लापरवाही या कमजोर पकड़ अब बर्दाश्त नहीं होगी। SSP का ये कदम अपराधियों के खिलाफ शिकंजा कसने और कानून का खौफ कायम करने की दिशा में बड़ा वार माना जा रहा है।

अब देखना दिलचस्प होगा कि ये नए खिलाड़ी अपने-अपने इलाकों में कैसे मोर्चा संभालते हैं और शहर में अमन-चैन कायम रखने में कितने कामयाब साबित होते हैं। फिलहाल, इस तबादले ने साफ कर दिया है मुजफ्फरपुर पुलिस अब एक्शन मोड में है।

रिपोर्ट-मणिभूषण शर्मा