Bihar News : सोशल मीडिया पर हथियार लहराना पड़ा महंगा, मुजफ्फरपुर पुलिस ने वीडियो वायरल होने के बाद 3 युवकों को दबोचा

Bihar News : सोशल मीडिया में हथियार लहराकर भौकाल टाइट करना युवकों को महंगा पड़ गया. इस मामले में पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है.......पढ़िए आगे

Bihar News : सोशल मीडिया पर हथियार लहराना पड़ा महंगा, मुजफ्फ
हथियार लहराना पड़ा महंगा - फोटो : MANIBHUSHAN

Muzaffarpur : सोशल मीडिया पर रील बनाने और अपनी धौंस जमाने के चक्कर में हथियार का प्रदर्शन करना युवाओं के लिए भारी पड़ रहा है। हाल ही में एक युवक द्वारा खुलेआम हथियार लहराने का वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हुआ था। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुजफ्फरपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) कांतेश कुमार मिश्रा ने तत्काल संज्ञान लिया और वीडियो की सत्यता की जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने का निर्देश जारी किया।

वरीय पुलिस अधीक्षक के आदेशानुसार, डीएसपी ईस्ट-1 अलय वत्स के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। इस टीम में बोचहां थाना प्रभारी और अन्य पुलिस कर्मियों को शामिल किया गया था। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय स्तर पर छानबीन शुरू की, जिसमें पाया गया कि वीडियो बिल्कुल सही है और क्षेत्र में भय का माहौल पैदा करने की कोशिश की जा रही है। जांच और छापेमारी के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी। बोचहां थाना क्षेत्र से पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन युवकों—संजीव कुमार, रूपेश कुमार और गुड्डू कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इन आरोपितों के पास से एक अवैध पिस्टल और एक मैगजीन भी बरामद की है। फिलहाल पुलिस पकड़े गए युवकों के पिछले आपराधिक इतिहास को खंगालने में जुटी है।

मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर ने बताया कि वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने इसे चुनौती के रूप में लिया था। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस प्रशासन सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की अराजकता फैलाने वालों को बख्शने के मूड में नहीं है। पकड़े गए तीनों युवकों के खिलाफ आर्म्स एक्ट और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

अंत में, ग्रामीण एसपी ने युवा पीढ़ी से एक महत्वपूर्ण अपील भी की। उन्होंने कहा कि "सोशल मीडिया पर हथियार लहराना और उसका प्रदर्शन करना एक संगीन अपराध की श्रेणी में आता है।" उन्होंने युवाओं को चेतावनी दी कि क्षणिक लोकप्रियता और दिखावे के लिए इस तरह के वीडियो न बनाएं और न ही शेयर करें, अन्यथा कानून के हाथ आप तक पहुंचेंगे और आपको सलाखों के पीछे जाना पड़ेगा।

मणिभूषण की रिपोर्ट