Muzaffarpur Liquor Seized: मुजफ्फरपुर में 70 लाख की शराब बरामद! ट्रक से 6,901 लीटर विदेशी शराब जब्त
Muzaffarpur Liquor Seized: कांटी थाना क्षेत्र में NH-27 के पास ट्रक से 6,901 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई है। शराब की कीमत करीब 70 लाख रुपये बताई जा रही है।
Muzaffarpur Liquor Seized: बिहार में पूर्ण शराबबंदी को प्रभावी बनाने के लिए पुलिस और संबंधित विभागों की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में मुजफ्फरपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से करीब 6,901 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 70 लाख रुपये बताई जा रही है।
हालांकि पुलिस की इस कार्रवाई के दौरान किसी शराब तस्कर को गिरफ्तार नहीं किया जा सका। पुलिस अब शराब की खेप के स्रोत और इसके पीछे जुड़े तस्करों की पहचान करने में जुटी है।
पटना से मिली सूचना के बाद हुई कार्रवाई
पुलिस के मुताबिक, पटना मध्य निषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण की ओर से कांटी थाना पुलिस को शराब की बड़ी खेप पहुंचने की सूचना मिली थी। सूचना में बताया गया था कि एक ट्रक के जरिए विदेशी शराब की बड़ी खेप मुजफ्फरपुर के कांटी थाना क्षेत्र में लाई गई है। सूचना मिलते ही कांटी थाना पुलिस ने कार्रवाई शुरू की और लश्करीपुर के पास NH-27 पर ट्रक को बरामद कर लिया। तलाशी के दौरान ट्रक से 6,901 लीटर विदेशी शराब मिली।
70 लाख रुपये बताई जा रही कीमत
पुलिस के अनुसार, बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 70 लाख रुपये है। इतनी बड़ी मात्रा में शराब की बरामदगी के बाद पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। फिलहाल ट्रक को जब्त कर लिया गया है और बरामद शराब की जांच एवं मिलान की प्रक्रिया चल रही है।
तस्करों की तलाश में जुटी पुलिस
इस कार्रवाई में किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी। पुलिस अब ट्रक और बरामद शराब से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस शराब तस्करी के पीछे कौन लोग शामिल हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय के मुताबिक, मामले की जांच जारी है और तस्करों की पहचान होने के बाद उनके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बिहार में शराबबंदी लागू होने के बाद शराब की तस्करी और अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए पुलिस लगातार छापेमारी और जब्ती की कार्रवाई करती रही है। मुजफ्फरपुर में हुई यह बरामदगी भी इसी अभियान का हिस्सा है।
मुजफ्फरपुरसे मनी भूषण शर्मा की रिपोर्ट