Bihar News:आईसीयू ड्यूटी के दौरान मरीज छोड़कर जाने वाले चिकित्सक निलंबित, डॉक्टर पर गिरी कार्रवाई की गाज, डीएम के सख्त तेवर से स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप
Bihar News: प्रसाद हॉस्पिटल अग्निकांड मामले में आईसीयू ड्यूटी के दौरान मरीजों को छोड़कर जाने के आरोप में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, बंदरा के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. पंकज कुमार को निलंबित कर दिया गया है।...
Muzaffarpur: जिले में स्वास्थ्य सेवाओं में कथित लापरवाही और मरीजों की जिंदगी से खिलवाड़ के आरोपों को लेकर प्रशासन ने बड़ा एक्शन लिया है। प्रसाद हॉस्पिटल अग्निकांड मामले में आईसीयू ड्यूटी के दौरान मरीजों को छोड़कर जाने के आरोप में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, बंदरा के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. पंकज कुमार को निलंबित कर दिया गया है। जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन की अनुशंसा पर स्वास्थ्य विभाग ने यह सख्त कार्रवाई की है, जिससे पूरे स्वास्थ्य महकमे में खलबली मच गई है।
मामला 4 जून को प्रसाद हॉस्पिटल के आईसीयू में हुई आगलगी की घटना से जुड़ा है। आरोप है कि हादसे के वक्त डॉ. पंकज कुमार आईसीयू ड्यूटी पर तैनात थे, लेकिन आपात स्थिति में मरीजों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के बजाय वे वहां से चले गए। प्रशासन ने इसे गंभीर लापरवाही और कर्तव्य से विमुख होने का मामला माना है।
जांच में यह आरोप भी सामने आया है कि सरकारी सेवा में रहते हुए डॉक्टर निजी अस्पताल में भी सेवाएं दे रहे थे। इसके अलावा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, बंदरा से अनधिकृत रूप से अनुपस्थित रहने की शिकायतें भी दर्ज की गई थीं। इन तमाम आरोपों को गंभीर मानते हुए स्वास्थ्य विभाग ने बिहार सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली, 2005 के तहत तत्काल प्रभाव से उन्हें निलंबित कर दिया है। विभागीय तहकीकात भी शुरू कर दी गई है।
उधर, डीएम के निर्देश पर गठित विशेष टीम निजी अस्पतालों और नर्सिंग होमों की लगातार जांच कर रही है। सुरक्षा मानकों और सरकारी प्रोटोकॉल का उल्लंघन पाए जाने पर अब तक 25 स्वास्थ्य संस्थानों पर कार्रवाई करते हुए उन्हें सील किया जा चुका है। जिलाधिकारी ने दो टूक कहा है कि मरीजों की जान से जुड़ी सेवाओं में किसी भी तरह की कोताही, गैर-जिम्मेदारी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी दायित्वों से मुंह मोड़ने वाले किसी भी अधिकारी या कर्मी के खिलाफ नियमों के तहत सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा