Muzaffarpur Breaking:दवा दुकान के बाहर महिला से सोने की चेन झपटी,विरोध करने पर अपराधियों ने ताना कट्टा

मुजफ्फरपुर के नगर थाना क्षेत्र के बनारस बैंक चौक पर पति के साथ दवा लेने आई महिला निहारिका कुमारी से बदमाशों ने सोने की चेन छीन ली। विरोध करने पर हथियार लहराते हुए फरार हो गए। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है।

Muzaffarpur chain snatching banaras bank chowk police invest

मुजफ्फरपुर: जिले में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब उन्हें पुलिस या कानून का कोई खौफ नहीं रह गया है। ताजा मामला नगर थाना क्षेत्र के व्यस्ततम बनारस बैंक चौक का है, जहां सोमवार को दिनदहाड़े बाइक सवार बदमाशों ने अपने पति के साथ दवा खरीदने आई एक महिला को निशाना बनाया। अपराधियों ने महिला के गले से सोने की चेन झपट ली और जब पति ने हिम्मत दिखाकर उन्हें पकड़ने की कोशिश की, तो बदमाशों ने सरेआम हथियार लहराकर उन्हें डरा दिया और मौके से आसानी से फरार हो गए। यह पूरी सनसनीखेज वारदात वहां लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है।


पति दवा लेने काउंटर पर गया, और सड़क पर हो गई वारदात

पीड़िता की पहचान निहारिका कुमारी के रूप में हुई है। घटना के वक्त वह अपने पति के साथ घर से निकलकर बनारस बैंक चौक के समीप एक दवा दुकान पर पहुंची थीं। दुकान पर पहुंचने के बाद उनके पति बाइक खड़ी करके काउंटर पर दवा लेने चले गए, जबकि निहारिका सड़क किनारे खड़ी होकर उनके वापस आने का इंतजार कर रही थीं। इसी दौरान वहां बाइक सवार दो शातिर बदमाश पहुंचे। योजना के मुताबिक एक बदमाश बाइक स्टार्ट कर खड़ा रहा, जबकि दूसरा पैदल ही निहारिका के करीब पहुंचा और झटके से उनके गले से सोने की चेन छीन ली।


चीख-पुकार सुन दौड़े पति, बदमाश ने कट्टा लहराकर दी धमकी

गले से चेन खींचे जाने के बाद पीड़ित महिला ने शोर मचाना और चिल्लाना शुरू कर दिया। पत्नी की आवाज सुनकर पति दवा काउंटर से दौड़ते हुए मौके पर पहुंचे। उन्होंने भाग रहे अपराधियों को पकड़ने का पुरजोर प्रयास किया और एक बदमाश को दबोचने ही वाले थे कि तभी अपराधी ने कमर से पिस्तौल (हथियार) निकाल ली। बीच सड़क पर हथियार लहराते हुए बदमाशों ने पति को पीछे हटने पर मजबूर कर दिया और पलक झपकते ही बाइक पर सवार होकर मुख्य सड़क की तरफ रफूचक्कर हो गए।


सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, एक संदिग्ध को हिरासत में लिया

वारदात की सूचना मिलते ही नगर थाना प्रभारी जयप्रकाश सिंह दल-बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू की। पुलिस ने आसपास की दुकानों में लगे सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है, जिससे अपराधियों की पहचान की जा रही है। थाना प्रभारी ने तत्परता दिखाते हुए पूरे शहर की पुलिस को अलर्ट कर दिया और नाकेबंदी कराई। पीड़िता द्वारा बताए गए बदमाशों के हुलिए और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध युवक को हिरासत में (डिटेन) लिया है, जिससे थाने में कड़ाई से पूछताछ की जा रही है।

रिपोर्ट - मणि भूषण