Muzaffarpur bride: बिहार के मुजफ्फरपुर में सुहागरात के 16 दिन बाद दुल्हन फरार, दूल्हा सोता रह गया और कैश और जेवर साफ

Muzaffarpur bride: मुजफ्फरपुर में शादी के 16 दिन बाद दुल्हन गायब हो गई। इसके अलावा घर से 72 हजार कैश और लाखों के गहने भी गायब पाए गए। इस बीच पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।

 Muzaffarpur bride
बिहार में नई नवेली दुल्हन हुई गायब- फोटो : social media

 Muzaffarpur bride: बिहार के मुजफ्फरपुर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। शादी के सिर्फ 16 दिन बाद दुल्हन अचानक घर से गायब हो गई। दूल्हे और उसके परिवार का आरोप है कि दुल्हन घर से नकदी और लाखों रुपये के गहने लेकर फरार हो गई। इस घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। यह मामला काफी हद तक साल 2015 में आई फिल्म ‘डॉली की डोली’ की कहानी जैसा बताया जा रहा है, जिसमें दुल्हन शादी करके लोगों को ठगती थी। हालांकि पुलिस का कहना है कि मामले की जांच हर एंगल से की जा रही है।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के अनुसार, मुजफ्फरपुर जिले के लोमा गांव निवासी धर्मेंद्र की शादी 25 अप्रैल को पियर थाना क्षेत्र की एक युवती से हुई थी। शादी धूमधाम से हुई। बारात, वरमाला और विदाई के बाद दुल्हन ससुराल आ गई। परिवार वालों का कहना है कि शुरुआती दिनों में सबकुछ बिल्कुल सामान्य था। दुल्हन परिवार के साथ घुल-मिल गई थी। घर में खुशी का माहौल था। दूल्हा-दुल्हन शादी की तस्वीरें देखकर बातें करते थे और सबकुछ ठीक चल रहा था।लेकिन शादी के 16वें दिन सुबह जब धर्मेंद्र की नींद खुली तो दुल्हन कमरे में नहीं थी। पहले उसे लगा कि वह घर में कहीं गई होगी, लेकिन काफी तलाश के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला।

घर से कैश और गहने भी गायब

परिवार ने जब घर की जांच की तो पता चला कि घर से 72 हजार रुपये नकद और लाखों रुपये के जेवर भी गायब हैं। इसके बाद परिवार के लोगों ने रिश्तेदारों और दुल्हन के मायके में संपर्क किया, लेकिन वहां भी उसका कोई पता नहीं चला।दूल्हा पक्ष का आरोप है कि शादी सिर्फ एक बहाना था और असली मकसद घर से पैसा और गहने लेकर फरार होना था। इसके बाद धर्मेंद्र ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

मामले में आया नया मोड़

इस मामले में अब नया ट्विस्ट भी सामने आया है। दुल्हन के परिवार ने आरोप लगाया है कि उनकी बेटी अपने मन से घर नहीं छोड़ सकती। उन्होंने ससुराल पक्ष पर ही बेटी को गायब करने का आरोप लगाया है।यानी एक तरफ दूल्हा पक्ष कह रहा है कि दुल्हन जेवर और पैसे लेकर भाग गई, वहीं दूसरी तरफ लड़की के परिवार का कहना है कि उनकी बेटी को ससुराल वालों ने गायब किया है।

पुलिस क्या कह रही है?

गायघाट थाना अध्यक्ष राजेश Kumar ने बताया कि दोनों पक्षों से शिकायत मिली है। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा भी लग रहा है।फिलहाल पुलिस दुल्हन की तलाश कर रही है और पूरे मामले की जांच जारी है। शादी के 16 दिन बाद सामने आए इस मामले ने पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना दिया है।