खेत में छिपाकर रखे थे लूटे गए जेवर; मुजफ्फरपुर पुलिस ने ऐसे किया आम्रपाली ज्वेलर्स लूट कांड का पर्दाफाश

मुजफ्फरपुर के आम्रपाली ज्वेलर्स लूट कांड में SIT को मिली बड़ी सफलता! खेत में छिपाकर रखे गए 33 लाख के सोने-चांदी के जेवर बरामद। पति-पत्नी समेत 4 शातिर अपराधी गिरफ्तार, हथियार भी जब्त। अपराधियों पर चलेगा स्पीडी ट्रायल।

Muzaffarpur jewelry shop loot case solved four arrested
मुजफ्फरपुर पुलिस ने ज्वेलर्स लूट कांड का किया पर्दाफाश, 4 गिरफ्तार - फोटो : Reporter

बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के कांटी थाना अंतर्गत आम्रपाली ज्वेलर्स में हुई सनसनीखेज लूट की घटना में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। घटना के तुरंत बाद गठित विशेष जांच दल (SIT) ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले का पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में लगभग 33 लाख रुपये मूल्य के लूटे गए सोने और चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। इस मामले में पुलिस गहराई से जांच कर रही है और घटना के हर पहलू को खंगाल रही है।


चार आरोपी गिरफ्तार, अवैध हथियार और कारतूस भी जब्त

इस मामले में पुलिस ने कुल चार शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें से एक मुख्य आरोपी को घटना के दिन ही स्थानीय लोगों की मदद से पकड़ लिया गया था। पकड़े गए अपराधियों की पहचान अशोक सहनी, अमीर सहनी, सिंधु देवी (अमीर सहनी और सिंधु देवी पति-पत्नी हैं) और अभिषेक सहनी के रूप में हुई है, जो साहेबगंज और सरैया के रहने वाले हैं। अपराधियों के पास से पुलिस ने एक पिस्तौल और दो जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं, जिसका इस्तेमाल इस वारदात को अंजाम देने के लिए किया गया था।


खेत में छिपाकर रखे थे जेवर, अपराधियों ने कबूला गुनाह

गिरफ्तार आरोपियों से की गई पूछताछ और उनके स्वीकारोक्ति बयान के आधार पर पुलिस ने लूटे गए आभूषणों को बरामद किया। अमीर सहनी और सिंधु देवी के खेत से लगभग 95 ग्राम सोने और 705 ग्राम चांदी के आभूषण मिले। इसके अलावा, अभिषेक सहनी के पास से 70 ग्राम सोना और 725 ग्राम चांदी बरामद की गई। अपराधियों ने आम्रपाली ज्वेलर्स से लूटा गया एक पर्स और पीड़ितों के आधार कार्ड भी अपने पास रखे थे, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया है। गिरफ्तार अपराधियों में से अशोक सहनी का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ साहेबगंज थाने में लूट और आर्म्स एक्ट के तीन अलग-अलग मामले पहले से दर्ज हैं।


स्पीडी ट्रायल से मिलेगी सजा, पुलिस ने जनता से की अपील

वरीय पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस घटना में शामिल अन्य 2 से 3 फरार अपराधियों की तलाश में छापेमारी जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस इस मामले को बेहद गंभीरता से ले रही है और अपराधियों को सख्त सजा दिलाने के लिए स्पीडी ट्रायल (Speedy Trial) का सहारा लेगी। इसके साथ ही, पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि इस घटना या अपराधियों से जुड़ी कोई भी अन्य सूचना उनके पास हो, तो वे पुलिस नियंत्रण कक्ष या सोशल मीडिया प्रोफाइल के माध्यम से साझा कर सकते हैं; सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी।

रिपोर्ट - मणिभूषण