Bihar News : पप्पू यादव पर भड़के महंत राजू दास, सांसद को बताया 'गदहा और लुटेरा', भगवा के अपमान का लगाया आरोप
Bihar News : मुजफ्फरपुर पहुंचे राष्ट्रीय हिंदू रक्षा वाहिनी के अध्यक्ष महंथ राजू दास ने सांसद पप्पू यादव पर भगवा रंग के अपमान का आरोप लगाते हुए गदहा, बलात्कारी और लुटेरा कहा.....पढ़िए आगे
MUZAFFARPUR : अयोध्या राम मंदिर के चंदा चोरी मामले को लेकर सांसद पप्पू यादव द्वारा दिल्ली में भगवा वस्त्र पहनकर किए गए प्रदर्शन पर विवाद गहरा गया है। इस मामले को लेकर मुजफ्फरपुर पहुंचे हनुमानगढ़ी अयोध्या धाम के महंत व राष्ट्रीय हिंदू रक्षा वाहिनी के अध्यक्ष 1008 राजू दास ने सांसद पप्पू यादव पर सीधा हमला बोला है। उन्होंने सांसद पर भगवा रंग के अपमान का आरोप लगाते हुए तीखे शब्दों का प्रयोग किया और उन्हें 'गदहा, बलात्कारी और लुटेरा' तक कह डाला।
महंत राजू दास ने पप्पू यादव के ट्रैक रिकॉर्ड पर सवाल उठाते हुए कहा कि जिस व्यक्ति पर खुद 41 आपराधिक मामले दर्ज हैं, वह दूसरों पर चोरी का आरोप लगा रहा है। पप्पू यादव के मंदिर न जाने के बयानों का जवाब देते हुए महंत ने कहा कि सांसद तर्क देते हैं कि मंदिर आरएसएस और बीजेपी द्वारा बनाया गया है, इसलिए वे वहां नहीं जाते। उन्होंने कहा कि अगर पप्पू यादव में हिम्मत है तो वे खुलकर कहें कि वे भगवान कृष्ण के वंशज हैं और अपने मुस्लिम मित्रों से बात करके मथुरा में कृष्ण जन्मभूमि पर मंदिर का निर्माण कराएं।
सांसद के विरोध प्रदर्शन पर निशाना साधते हुए महंत राजू दास ने कहा कि पप्पू यादव केवल सनातन धर्म का अपमान करना जानते हैं और वे मीडिया में बने रहने के लिए मदारी जैसा काम कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि राम मंदिर में चंदा चोरी का कोई मामला ही नहीं है, क्योंकि भगवान राम को कोई चंदा नहीं दे सकता; वह भक्तों का निस्वार्थ समर्पण होता है।
महंत राजू दास ने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि सनातन धर्म और राम भक्तों की आस्था के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि राजनीतिक रोटियां सेंकने के लिए पवित्र भगवा वस्त्र और धार्मिक मुद्दों का इस्तेमाल बेहद निंदनीय है और हिंदू समाज ऐसे अपमान को कतई बर्दाश्त नहीं करेगा।
मणिभूषण की रिपोर्ट