Bihar News : किराए के लालच में सलाखों के पीछे पहुँचा मकान मालिक, शराब कारोबारियों को दिया था मकान, भारी मात्रा में विदेशी शराब पुलिस ने किया जब्त

Bihar News : महज 5,000 रुपये के अतिरिक्त किराए के लालच में बिना एड्रेस प्रूफ के मकान देना एक गृहस्वामी को भारी पड़ गया। पुलिस ने भारी मात्रा में शराब के साथ उसे गिरफ्तार कर लिया है.....पढ़िए आगे

Bihar News : किराए के लालच में सलाखों के पीछे पहुँचा मकान मा
मकान मालिक गिरफ्तार - फोटो : MANIBHUSHAN

MUZAFFARPUR :महज 5,000 रुपये के अतिरिक्त किराए के लालच में बिना एड्रेस प्रूफ के मकान देना एक गृहस्वामी को भारी पड़ गया। मद्यनिषेध (उत्पाद) विभाग की टीम ने नगर थाना क्षेत्र के महिला थाना के पास स्थित काली कोठी में छापेमारी कर एक मकान से भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब बरामद की है। इस दौरान पुलिस ने मौके से ही मकान मालिक पंकज कुमार को गिरफ्तार कर लिया।

मिली जानकारी के अनुसार, उत्पाद इंस्पेक्टर प्रकाश कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि काली कोठी स्थित एक मकान में कुछ शराब कारोबारियों द्वारा अवैध रूप से शराब का बड़ा भंडारण किया गया है। सूचना के सत्यापन के बाद एएसआई नीरज कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित मकान पर छापेमारी की और एक कमरे में छिपाकर रखी गई अलग-अलग ब्रांड की विदेशी शराब की खेप जब्त कर ली।

पुलिस हिरासत में आए मकान मालिक पंकज कुमार ने अपना जुर्म कबूल करते हुए कैमरे के सामने चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि जिस कमरे का सामान्य किराया अन्य लोगों से 5,000 रुपये मिलता था, उसी कमरे के लिए शराब कारोबारियों ने 10,000 रुपये देने का सौदा किया था। इसी दोगुने किराए के लालच में आकर उसने बिना किसी पहचान पत्र या एड्रेस प्रूफ के अपना मकान अवैध कारोबार के लिए दे दिया।

हैरत की बात यह है कि इसी मकान से पूर्व में भी उत्पाद विभाग की टीम ने छापेमारी कर विदेशी शराब की बरामदगी की थी। इसके बावजूद मकान मालिक ने सबक नहीं लिया और महज 5,000 रुपये के ज्यादा फायदे के चक्कर में फिर से अपना कमरा शराब तस्करों के हवाले कर दिया, जिसका अंजाम उसे हवालात पहुँचकर भुगतना पड़ा। मामले की जानकारी देते हुए उत्पाद इंस्पेक्टर प्रकाश कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर काली कोठी स्थित मकान से भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब बरामद की गई है और मौके से मकान मालिक पंकज कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस फिलहाल गिरफ्तार मकान मालिक से कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि मकान किराए पर लेने वाले मुख्य शराब तस्करों का पता लगाकर उन्हें भी जल्द सलाखों के पीछे भेजा जा सके।

मणिभूषण की रिपोर्ट