Bihar News: दूसरी सोमवारी पर बाबा गरीबनाथ धाम में हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा, करीब चार लाख श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक, हर हर बम बम से गूंज रहा इलाका

Bihar News: बाबा गरीबनाथ मंदिर में सावन की दूसरी सोमवारी पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा।इस दौरान बिहार सरकार की पहल पर कांवरिया पथ और मंदिर परिसर के ऊपर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की गई।...

Flowers Showered From Helicopter at Muzaffarpur Baba Garibna
बाबा गरीबनाथ धाम में हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा- फोटो : reporter

Muzaffarpur: उत्तर बिहार के देवघर के रूप में प्रसिद्ध मुजफ्फरपुर के बाबा गरीबनाथ मंदिर में सावन की दूसरी सोमवारी पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। बाबा गरीबनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी रही। इस दौरान बिहार सरकार की पहल पर कांवरिया पथ और मंदिर परिसर के ऊपर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की गई। आसमान से फूलों की बारिश होते ही श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला और पूरा शहर ‘बाबा गरीबनाथ की जय’, ‘बोल बम’ और ‘हर हर महादेव’ के जयघोष से गूंज उठा।

दूसरी सोमवारी के मौके पर बाबा गरीबनाथ मंदिर में करीब साढ़े तीन लाख श्रद्धालुओं के जलाभिषेक करने की बात सामने आई है। दूर-दराज से पहुंचे कांवरियों और श्रद्धालुओं ने पहले विभिन्न घाटों से पवित्र जल उठाया और बाबा गरीबनाथ का जलाभिषेक किया। मंदिर परिसर में आस्था और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला।

रामदयालु से साहू पोखर तक पुष्पवर्षा

श्रद्धालुओं के उत्साह को और बढ़ाने के लिए हेलीकॉप्टर से रामदयालु, साहू पोखर और बाबा गरीबनाथ मंदिर के आसपास पुष्पवर्षा की गई। जैसे ही आसमान से फूल बरसने शुरू हुए, कांवरियों और श्रद्धालुओं ने जयघोष करते हुए इस दृश्य का स्वागत किया। कई श्रद्धालु इस पल को अपने मोबाइल कैमरे में कैद करते नजर आए।

शहर में दिखा भक्ति का रंग

दूसरी सोमवारी पर मुजफ्फरपुर पूरी तरह शिवमय नजर आया। कांवरियों के जत्थों से लेकर मंदिर परिसर तक हर ओर भगवा रंग और शिवभक्ति का माहौल रहा। पुष्पवर्षा के बाद श्रद्धालुओं का उत्साह और बढ़ गया। बाबा गरीबनाथ मंदिर में जलाभिषेक के लिए उमड़ी भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन की ओर से सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर भी विशेष इंतजाम किए गए थे।सावन की दूसरी सोमवारी पर बाबा गरीबनाथ धाम में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ और हेलीकॉप्टर से हुई पुष्पवर्षा ने मुजफ्फरपुर की धार्मिक आस्था और श्रावणी उत्सव की भव्यता को और खास बना दिया।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा