Bihar Crime : मुजफ्फरपुर में पुलिस के खौफ से गड्ढे में पलटी बियर लदी पिकअप, 1521 लीटर बियर जप्त, मौके से फरार हुआ तस्कर

Bihar Crime : मुजफ्फरपुर में पुलिस का खौफ ऐसा की भागने के दौरान गड्ढे में अनियंत्रित होकर पिकअप पलट गई. जब पुलिस मौके पर पहुंची तो उस पिकअप से लाखों रुपये मूल्य के वियर को जब्त किया गया....पढ़िए आगे

Bihar Crime : मुजफ्फरपुर में पुलिस के खौफ से गड्ढे में पलटी
बियर लदी पिकअप ने मारी पलटी - फोटो : MANIBHUSHAN

MUZAFFARPUR : जिले में पुलिस की मुस्तैदी और खौफ का एक अनोखा नजारा देखने को मिला है। शराब माफियाओं के खिलाफ जारी सख्त अभियान के बीच पुलिस से बचने के चक्कर में एक शराब तस्कर की तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित होकर गड्ढे में पलट गई। जब तक पुलिस मौके पर पहुंचती, कारोबारी अंधेरे और हादसे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा। हालांकि, पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त पिकअप से लाखों रुपये मूल्य की बियर की एक बड़ी खेप बरामद की है।

गुप्त सूचना पर सिवाईपट्टी पुलिस थी अलर्ट

दरअसल, मुजफ्फरपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्रा के निर्देश पर पूरे जिले में शराब और उसके सिंडिकेट के खिलाफ विशेष खोजी अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में पुलिस के आला अधिकारियों को गुप्त सूचना मिली थी कि सिवाईपट्टी थाना क्षेत्र में एक पिकअप गाड़ी से बियर की बड़ी खेप खपाने की तैयारी है। सूचना मिलते ही सिवाईपट्टी थाने को तुरंत अलर्ट मोड पर डाल दिया गया और पूरे इलाके में नाकेबंदी कर दी गई।

पीछा होने के डर से पलटी गाड़ी, देखकर पुलिस भी दंग

पुलिस की इस मुस्तैदी की भनक शराब तस्कर को लग गई। उसे अंदेशा हुआ कि पुलिस उसकी गाड़ी का पीछा कर रही है। इसी घबराहट में तस्कर ने गाड़ी की रफ्तार बढ़ा दी, जिससे डोम्बा चौक से धर्मपुर की ओर जा रही पिकअप अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे एक गड्ढे में जा पलटी। सूचना मिलते ही सिवाईपट्टी थाने की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। जब पुलिस ने पलटी हुई पिकअप के डाले की जांच की, तो वहां का नजारा देखकर अधिकारी भी दंग रह गए।

1521 लीटर विदेशी बियर बरामद

पुलिस ने जब पिकअप की सघन तलाशी ली, तो उसमें से कुल 1521 लीटर अवैध विदेशी बियर बरामद हुई। बरामद की गई बियर की बाजार में कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है। पुलिस ने तत्काल प्रभाव से दुर्घटनाग्रस्त पिकअप और उस पर लदी पूरी बियर को अपने कब्जे में ले लिया है। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से ठीक पहले शातिर शराब कारोबारी मौके से रफूचक्कर होने में कामयाब रहा।

पिकअप नंबर के आधार पर तस्करों की खोज तेज

मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए डीएसपी (ईस्ट-1) अलय वत्स ने बताया कि सिवाईपट्टी थाना क्षेत्र में यह बड़ी कार्रवाई हुई है। तस्कर भले ही भागने में सफल रहा हो, लेकिन पुलिस ने गाड़ी और शराब को पूरी तरह जप्त कर लिया है। उन्होंने बताया कि जप्त की गई पिकअप के रजिस्ट्रेशन नंबर और चेसिस नंबर के आधार पर गाड़ी के मालिक और इस धंधे से जुड़े शराब माफियाओं को चिन्हित किया जा रहा है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही फरार कारोबारी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।

मणिभूषण की रिपोर्ट