Bihar News : मुजफ्फरपुर में 'नकली पुलिस' का खेल, चेकिंग के नाम पर बुजुर्ग से सोने की चेन उड़ाई, CCTV में कैद हुई वारदात

Bihar News : मुजफ्फरपुर के सरैया: थाना क्षेत्र के मधुबन गांव निवासी अनिल कुमार सिंह से बाइक सवार दो बदमाशो ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर करीब 20 ग्राम सोने की चेन उड़ा लिया और मौके से फरार हो गए....पढ़िए आगे

Bihar News : मुजफ्फरपुर में 'नकली पुलिस' का खेल, चेकिंग के न
नकली पुलिस का खेल - फोटो : MANIBHUSHAN

MUZAFFARPUR : बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के सरैया थाना क्षेत्र अंतर्गत बखरा गुदरी बाजार के पास बाइक सवार दो शातिर अपराधियों ने पुलिस अधिकारी बनकर एक व्यक्ति को ठगी का शिकार बना लिया। बदमाशों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर चेकिंग के नाम पर झांसा दिया और करीब 20 ग्राम सोने की चेन लेकर मौके से फरार हो गए। इस पूरी वारदात के बाद भागते हुए दोनों संदिग्धों का सीसीटीवी (CCTV) फुटेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

पीड़ित की पहचान मधुबन गांव (सरैया थाना क्षेत्र) निवासी अनिल कुमार सिंह के रूप में हुई है। पीड़ित के मुताबिक, सोमवार दोपहर करीब 12 बजे जब वे अपनी बाइक से बखरा गुदरी बाजार के पास से गुजर रहे थे, तभी बाइक सवार दो युवकों ने उन्हें रोक लिया। बदमाशों ने रौब झाड़ते हुए कहा कि 'एसपी साहब का सख्त आदेश है कि सड़क पर सोने के आभूषण पहनकर घूमना मना है।' इसके बाद अपराधियों ने झांसा देकर उनके गले से करीब 20 ग्राम की सोने की चेन उतरवा ली।

शातिर ठगों ने चेन को कागज की पुड़िया में लपेटकर अनिल कुमार सिंह की बाइक की डिक्की में रखने का नाटक किया और उन्हें चकमा देकर बखरा बाजार से अंबारा रोड की तरफ तेजी से भाग निकले। कुछ ही देर बाद जब पीड़ित को शक हुआ और उन्होंने अपनी डिक्की खोलकर देखा, तो कागज के अंदर सोने की चेन गायब थी और उसकी जगह एक पत्थर का टुकड़ा रखा हुआ था।

घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला, जिसमें दोनों संदिग्धों के चेहरे स्पष्ट दिखाई दे रहे हैं। सरैया थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित के आवेदन पर मामला दर्ज कर लिया गया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।

पुलिस की शुरुआती जांच में एक और बड़ा खुलासा हुआ है। सरैया पुलिस के अनुसार, इस वारदात को अंजाम देने से ठीक कुछ समय पहले इन्हीं दोनों बाइक सवार बदमाशों ने पड़ोसी जिले वैशाली के वैशाली थाना क्षेत्र में भी इसी अंदाज में एक व्यक्ति से ठगी की घटना को अंजाम दिया था। पुलिस दोनों वारदातों को जोड़कर अंतरजिला गिरोह की संलिप्तता की जांच कर रही है।

मणिभूषण की रिपोर्ट