मुजफ्फरपुर में दिव्यांग PDS डीलर और परिवार पर जानलेवा हमला, वीडियो वायरल
Muzaffarpur : जिले के औराई थाना क्षेत्र अंतर्गत सरहंचिया गांव से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक दिव्यांग जनवितरण प्रणाली (PDS) विक्रेता और उनके परिवार पर दबंगों द्वारा जानलेवा हमला किया गया। इस हिंसक मारपीट का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना में बुरी तरह घायल पीडीएस विक्रेता विपिन बिहारी, उनकी पत्नी रानी देवी और पुत्र प्रिंस बिहारी का इलाज औराई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में चल रहा है।
e-KYC के लिए जाने के दौरान लोहे की रॉड से हमला
पुलिस को दिए आवेदन में पीड़ित दिव्यांग डीलर विपिन बिहारी ने बताया कि वे गुरुवार शाम करीब 6 बजे राशन लाभार्थियों का e-KYC करने के लिए अपने कार्यक्षेत्र में जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में गांव के ही रमन कुमार, विकास भारती, करुणा निधान सिंह और हिमांशु रंजन ने उन्हें रोककर गाली-गलौज शुरू कर दी। जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने लोहे की रॉड से उन पर जानलेवा हमला कर दिया।
बचाने पहुंचे पत्नी और बेटे को भी पीटा
घटना की सूचना मिलते ही जब विक्रेता की पत्नी रानी देवी और बेटा प्रिंस बिहारी उन्हें बचाने पहुंचे, तो आरोपियों ने उनके साथ भी बेरहमी से मारपीट की। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को औराई सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज जारी है।
दोनों पक्षों से आवेदन प्राप्त, प्राथमिकी दर्ज: DSP ईस्ट वन
पूरे मामले पर DSP ईस्ट वन अलय वत्स ने बताया कि घटना पुलिस के संज्ञान में आ चुकी है। दोनों पक्षों की ओर से औराई थाने में आवेदन दिया गया है। पुलिस ने आवेदन के आधार पर प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली है और वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच तथा आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
मणिभूषण की रिपोर्ट