मुजफ्फरपुर में दिनदहाड़े वारदात: पूर्व विधायक प्रत्याशी की स्कॉर्पियो से लाइसेंसी पिस्तौल और कारतूस चोरी, CCTV में कैद हुई करतूत

मुजफ्फरपुर से दिनदहाड़े चोरी की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। साहेबगंज विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक प्रत्याशी सुबोध शंकर कुमार की स्कॉर्पियो गाड़ी से चोरों ने एक बैग उड़ा लिया, जिसमें उनकी लाइसेंसी पिस्तौल, कारतूस और जरुरी कागजात रखे हुए थे...

मुजफ्फरपुर में दिनदहाड़े वारदात: पूर्व विधायक प्रत्याशी की स
पूर्व विधायक प्रत्याशी की स्कॉर्पियो से लाइसेंसी पिस्तौल और कारतूस चोरी- फोटो : मनीभूषण शर्मा

Muzaffarpur : जिले के सदर थाना क्षेत्र से दिनदहाड़े चोरी की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। साहेबगंज विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक प्रत्याशी सुबोध शंकर कुमार (सिंह) की सड़क किनारे खड़ी स्कॉर्पियो गाड़ी से अज्ञात चोरों ने एक बैग उड़ा लिया, जिसमें उनकी लाइसेंसी पिस्तौल, कारतूस और जरूरी कागजात रखे हुए थे। मूल रूप से मुजफ्फरपुर जिले के साहेबगंज थाना क्षेत्र निवासी पूर्व विधायक प्रत्याशी सुबोध शंकर कुमार बुधवार को अपने निवास स्थान से अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी द्वारा मुजफ्फरपुर शहर के लिए निकले थे। उन्हें काजी मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के कलमबाग चौक पर रहने वाले अपने अकाउंटेंट के पास जाना था। इसी दौरान, जब वे सदर थाना क्षेत्र के भगवानपुर के पास पहुंचे, तो उन्हें वॉशरूम जाने की आवश्यकता महसूस हुई। इसके बाद उन्होंने अपने चालक को गाड़ी यादव नगर गेट के समीप रहने वाले अपने एक मित्र के घर की तरफ ले चलने को कहा।


दोस्त के घर रुके और बैग में रख दी पिस्तौल

कुछ ही देर में स्कॉर्पियो गाड़ी सदर थाना क्षेत्र के यादव नगर गेट के पास स्थित उनके मित्र हीरालाल सर्राफ के आवास पर पहुंच गई। गाड़ी रुकने के बाद सुबोध शंकर कुमार ने अपनी कमर में लगी लाइसेंसी पिस्तौल और कारतूस को निकालकर गाड़ी के भीतर रखे एक बैग में सुरक्षित रख दिया। इसके बाद वे अपने ड्राइवर को स्कॉर्पियो में ही मुस्तैद छोड़कर खुद अपने दोस्त के घर के अंदर चले गए। इसी बीच घात लगाए बैठे शातिर चोरों ने मौके का फायदा उठाने की योजना बनाई।


'गाड़ी से मोबिल गिर रहा है'... झांसा देकर ड्राइवर को उतारा

घटना के संबंध में पूर्व विधायक प्रत्याशी सुबोध शंकर सिंह ने बताया कि जब वे अंदर गए, तभी कुछ अज्ञात बदमाश गाड़ी के पास पहुंचे। बदमाशों ने स्कॉर्पियो के ड्राइवर को झांसा देते हुए कहा कि 'आपकी गाड़ी के नीचे मोबिल गिर रहा है।' पहली बार में ड्राइवर गाड़ी से नहीं उतरा, लेकिन जब बदमाशों ने दोबारा दबाव देकर कहा कि गाड़ी के आगे मोबिल बह रहा है, तो ड्राइवर झांसे में आ गया। वह गाड़ी का इंजन और नीचे का हिस्सा देखने के लिए जैसे ही स्कॉर्पियो से उतरकर आगे गया, बदमाशों का प्लान कामयाब हो गया।


पलक झपकते ही बैग लेकर चंपत हुआ बदमाश

ड्राइवर के गाड़ी से उतरकर आगे जाते ही, पीछे से पहुंचे एक अन्य बदमाश ने स्कॉर्पियो का गेट खोला और भीतर रखा पिस्तौल, कारतूस व कागजातों से भरा बैग लेकर मौके से फरार हो गया। ड्राइवर जब तक कुछ समझ पाता, तब तक चोर काफी दूर निकल चुके थे। हालांकि, बदमाशों को यह अंदाजा नहीं था कि उनकी यह पूरी चालाकी और चोरी करने का तरीका वहां पास में ही लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो रहा है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और तुरंत स्थानीय पुलिस को इसकी सूचना दी गई।


प्राथमिकी दर्ज, चोरों की तलाश में जुटी सदर थाना पुलिस

मामले की गंभीरता को देखते हुए सदर थाना पुलिस तुरंत एक्शन में आई। सदर थाना प्रभारी ने बताया कि साहेबगंज निवासी सुबोध शंकर सिंह द्वारा प्राप्त आवेदन के आधार पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। थाना प्रभारी ने साफ कहा कि घटनास्थल और उसके आसपास के इलाकों से सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, जिसमें बदमाश की तस्वीर साफ नजर आ रही है। फुटेज के आधार पर चोरों को चिन्हित (आइडेंटिफाई) किया जा रहा है और जल्द ही पूरा गिरोह पुलिस की गिरफ्त में होगा।


मनीभूषण की रिपोर्ट