Bihar News : मुजफ्फरपुर में नारकोटिक्स विभाग की टीम का बड़ा एक्शन, थाने के पास खड़े कंटेनर से 990 किलो गांजा किया बरामद

Bihar News : पटना नारकोटिक्स विभाग की टीम ने मुजफ्फरपुर में गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कंटेनर ट्रक से तकरीबन 990 किलो गांजे की खेप को बरामद किया है

Bihar News : मुजफ्फरपुर में नारकोटिक्स विभाग की टीम का बड़ा
गांजा की बड़ी खेप बरामद - फोटो : MANIBHUSHAN

MUZAFFARPUR : पटना से आये नारकोटिक्स विभाग की टीम ने मुजफ्फरपुर जिले में गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कंटेनर ट्रक से लगभग 990 किलोग्राम गांजे की भारी खेप बरामद की है। इस संयुक्त कार्रवाई में मौके से दो तस्करों को भी धर दबोचा गया है। जब्त किए गए गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करोड़ों रुपये आंकी गई है।

थाने के पास खड़ा था करोड़ों के गांजे से भरा ट्रक

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पटना नारकोटिक्स विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि मुजफ्फरपुर के तुर्की थाना क्षेत्र में एक संदिग्ध कंटेनर ट्रक खड़ा है, जिसमें नशीले पदार्थ की बड़ी खेप मौजूद है। सूचना मिलते ही टीम ने स्थानीय मुजफ्फरपुर पुलिस के सहयोग से छापेमारी कर ट्रक को कब्जे में ले लिया। सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि करोड़ों के गांजे से भरा यह ट्रक स्थानीय पुलिस थाने से महज कुछ ही दूरी पर खड़ा था और स्थानीय पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी।

तलाशी के दौरान बरामद हुई 990 किलो खेप

कंटेनर की सघन तलाशी लेने पर अंदर छिपाकर रखा गया तकरीबन 990 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से ही दो व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया, जिनकी पहचान ट्रक के चालक और उपचालक के रूप में हुई है। इस अचानक हुई कार्रवाई से इलाके के मादक पदार्थ तस्करों के बीच हड़कंप मच गया है।

पूछताछ में जुटी पुलिस, बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगालने की कोशिश

पुलिस गिरफ्तार चालक और उपचालक से कड़ी पूछताछ कर रही है ताकि इस बात का पता लगाया जा सके कि गांजे की यह बड़ी खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां डिलीवर किया जाना था। नारकोटिक्स विभाग अब इस अवैध कारोबार से जुड़े मुख्य सरगना और अंतरराज्यीय तस्कर नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटा है।

एसडीपीओ वेस्ट-2 का बयान: करोड़ों की खेप जब्त, आगे की कार्रवाई जारी

पूरे मामले की पुष्टि करते हुए एसडीपीओ वेस्ट-2 अनिमेश चंद्रा ज्ञानी ने बताया कि पटना नारकोटिक्स विभाग को मिली सटीक सूचना के आधार पर यह संयुक्त कार्रवाई की गई। तुर्की थाना क्षेत्र से 990 किलोग्राम गांजा जब्त कर दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। उन्होंने पुष्टि की कि बरामद गांजे का मूल्य करोड़ों रुपये में है और गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

मणिभूषण की रिपोर्ट